डिजिटल डेस्क- विगत दिनों आरती के दौरान तेज बारिश से बचने के लिए उत्तर प्रदेश के एक परिवार ने पंडाल में बनी टीन शेड के नीचे जगह ली थी। इस दौरान परिवार पर टीन शेड गिर गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए थे। इस घटना के बाद चर्चा में आये बागेश्वर धाम में देर रात फिर बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह घटना बारिश के बाद हुई है।
मलबे में दबने से हुई मौत
मृतक महिला अनीता देवी उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर की बताई जा रही है। मलबे में दबकर उसकी मौत हो गई। कई लोग घायल अवस्था में अस्पताल भिजवाए गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस – अधिकारी मौके पर पहुंचे। एम्बुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। जब दीवार गिरी तो लोग सो रहे थे। बारिश इतनी अधिक थी कि, दीवार पल भर में भरभरा के गिर गई।
सोते वक्त गिरी दीवार
घटना के बाद श्रद्धालुओं ने बताया कि सभी लोग धर्मशाला में सो रहे थे, तभी अचानक दीवार भरभराकर गिर पड़ी और वे मलबे में दब गए। हादसे में उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के अदलाहट गांव की रहने वाली अनीता देवी, पत्नी राजू की मौत हो गई है। कई लोग दीवार के मलबे में दब गए। 10 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि दीवार गिरने के कारणों की जांच की जा रही है।