‘कैप्टन कूल’ एमएस धोनी ने मनाया 44वां जन्मदिन, रांची में दोस्तों संग सादगी से काटा केक, वीडियो वायरल

KNEWS DESK- भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल और लोकप्रिय कप्तानों में से एक, महेंद्र सिंह धोनी उर्फ ‘कैप्टन कूल’ ने आज अपना 44वां जन्मदिन सादगी और अपने करीबी दोस्तों के बीच मनाया। धोनी के जन्मदिन की झलक जैसे ही सोशल मीडिया पर आई, फैंस ने जमकर उन्हें बधाइयां दीं और पुराने दिनों की यादें ताजा हो गईं।

झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन से सामने आया वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि धोनी बेहद शांत और सादगी भरे अंदाज में ब्लैक टी-शर्ट पहने हुए हैं और अपने दोस्तों के साथ केक काट रहे हैं। सबसे दिलचस्प बात ये रही कि धोनी ने खुद अपने हाथों से सभी दोस्तों को केक खिलाया — यही तो उनकी पहचान है: सादा जीवन, ऊंचा विचार।

एमएस धोनी भले ही क्रिकेट से रिटायर हो चुके हों, लेकिन उनकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। धोनी ना के बराबर सोशल मीडिया पर एक्टिव रहते हैं और अक्सर लाइमलाइट से दूर रहते हैं। यही वजह है कि जब भी उनकी कोई तस्वीर या वीडियो सामने आता है, फैंस उसे पल भर में वायरल कर देते हैं।

धोनी की कप्तानी में भारत ने जो इतिहास रचा, वो कभी नहीं भुलाया जा सकता।

  • 2007 में भारत को पहली बार टी20 वर्ल्ड कप जिताया

  • 2011 में घरेलू सरजमीं पर वनडे वर्ल्ड कप जीतकर करोड़ों भारतीयों का सपना पूरा किया

  • और 2013 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी भी भारत के नाम की

धोनी भारत के इकलौते कप्तान हैं जिनके नेतृत्व में देश ने तीनों ICC ट्रॉफियां जीतीं।

हालांकि धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है, लेकिन वे हर साल आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते नजर आते हैं। फैंस उन्हें ‘थाला’ यानी बड़ा भाई कहकर बुलाते हैं, और उनका प्यार हर सीज़न में धोनी के लिए बढ़ता ही जाता है।

आज सुबह से ही ट्विटर, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर #HappyBirthdayDhoni, #MSDhoni44 जैसे हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं। लाखों फैंस ने अपने चहेते ‘माही’ को बधाई दी और उनके पुराने मैचों के वीडियो शेयर कर उन्हें याद किया।

ये भी पढ़ें-  चुनाव आयोग पर भड़के तेजस्वी, बोले- वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन में आधार कार्ड मान्य क्यों नहीं?