गाजियाबादः पति के साथ मिलकर की बॉयफ्रेंड की हत्या, पुलिस ने सुलझाई हत्या की गुत्थी

डिजिटल डेस्क- गाजियाबाद के डासना में बीते दिनों मिली युवक की लाश का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।  मामले में सामने आया है कि मृतक अब्दुल वाहिद का महिला से अवैध संबंध था। इसकी जानकारी पर पति अमित नाराज हो गया। विवाद के बाद प्रियंका ने लोहे की पाइप से वार कर वाहिद की हत्या कर दी। दोनों ने मिलकर शव को जंगल में फेंक दिया था।

संबंध के बारे में पति को पता चलने पर पति ने हत्या के लिए कहा

पूछताछ में प्रियंका ने पुलिस को बताया कि अब्दुल वाहिद प्रियंका को पहले से ही जानता था और प्रियंका के घर आना-जाना था। घर आने-जाने के दौरान अब्दुल के प्रियंका के संबंध बन गए। पति को जब इस बारे में पता चला तो पति ने अब्दुल से संबंध खत्म करने के लिए कहा। पति के कहने पर उसने अब्दुल से संबंध खत्म करने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माना और मना करने बाद भी 24 जून को वह उसके घर आ गया था। उसने अब्दुल को वहां से जाने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं गया तो उसने पति को बताया। पति के कहने पर उसने घर में रखा लोहे के पाइप से वाहिद के सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद शव को जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया था।

शव को जंगल में फेंककर फरार हो गए थे

पूछताछ में हत्यारोपी ने खुलासा करते हुए बताया कि हत्या के बाद दोनों ने शव को चादर में लपेटा और पास के जंगल में फेंक दिया। वाहिद की मॉपेड को भी झाड़ियों में छिपा दिया गया था। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। जांच के आधार पर दंपति को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी दंपति ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।