प्रेम, करुणा और धैर्य के प्रतीक दलाई लामा हुए 90 वर्ष के, पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

KNEWS DESK- तिब्बती बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा रविवार को 90 वर्ष के हो गए। इस अवसर पर देश-विदेश से उन्हें शुभकामनाएं मिल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और उन्हें प्रेम, करुणा और धैर्य का प्रतीक बताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर लिखा, “मैं 1.4 अरब भारतीयों की ओर से परम पावन दलाई लामा को उनके 90वें जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। वह प्रेम, करुणा, धैर्य और नैतिक अनुशासन के स्थायी प्रतीक रहे हैं। उनका संदेश सभी धर्मों में सम्मान और प्रशंसा का प्रेरणास्त्रोत रहा है। हम उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की प्रार्थना करते हैं।” प्रधानमंत्री की यह बधाई भारत और तिब्बती समुदाय के बीच गहरे रिश्तों को और मजबूत बनाती है।

दलाई लामा तिब्बत के बौद्ध धर्म के सर्वोच्च नेता हैं और 1959 में तिब्बत से निर्वासन के बाद से भारत में रह रहे हैं। उन्होंने हमेशा अहिंसा, आत्म-नियंत्रण और वैश्विक करुणा का संदेश दिया है। उन्हें 1989 में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

90 वर्षों की उम्र में भी उनका जीवन दर्शन और विचार लाखों लोगों को प्रेरणा देता है। वे विशेष रूप से युवाओं को मानसिक शांति, सहिष्णुता और सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण के लिए प्रेरित करते हैं।

भारत में रहने वाले तिब्बती समुदाय और दलाई लामा के बीच का संबंध गहरा है। उन्होंने हमेशा भारतीय संस्कृति, शिक्षा और लोकतंत्र की सराहना की है। उनकी उपस्थिति भारत के लिए एक आध्यात्मिक धरोहर मानी जाती है।

दलाई लामा के जन्मदिन पर केवल भारत ही नहीं, बल्कि अमेरिका, यूरोप, जापान और कई अन्य देशों के नेताओं, धार्मिक गुरुओं और अनुयायियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पर उनके अनुयायियों ने #HappyBirthdayDalaiLama हैशटैग के साथ उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

ये भी पढ़ें-  देशभर में मानसून का कहर, उत्तर भारत से दक्षिण तक भारी बारिश का अलर्ट, कई राज्यों में रेड अलर्ट जारी