डिजिटल डेस्क- बिजनौर की जन्नत कालोनी में एक परिवार की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। दूल्हे पक्ष ने शादी से दो दिन पहले दहेज में ट्रैक्टर की मांग रख दी। जब लड़के की डिमांड को लड़की के पिता ने मानने से इंकार कर दिया तो लड़के ने शादी ही तोड़ दी। दरअसल मामला बिजनौर के जन्नत कालोनी का है। यहां लड़की के पिता इस्तखार अहमद ने अपनी बेटी की शादी स्थानीय निवासी हाजी असलम के बेटे अनस से तय की थी। बारात 5 जुलाई को आनी थी। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, कार्ड बंट चुके थे, दहेज में लाखों रुपए का सामान दूल्हे के घर पहुंच चुका था, मेहमान आने लगे थे, टेंट और सजावट का काम भी पूरा हो गया था, घर में शादी की रस्में चल रही थीं, तभी दूल्हे पक्ष का फोन आया। उन्होंने दहेज में ट्रैक्टर की अतिरिक्त मांग कर दी। लड़की के पिता ने आर्थिक कमजोरी का हवाला देते हुए ट्रैक्टर देने में असमर्थता जताई। लेकिन लड़के वाले अपनी मांग पर अड़े रहे। लड़की की मां के अनुसार, काफी समझाने के बावजूद दूल्हे पक्ष नहीं माना और शादी तोड़ दी। पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस घटना से पूरा परिवार दुखी है।

शादी के लिए मना करने के बाद हुई मारपीट
पीड़ित इफ्तेकार ने बताया कि अनस के परिजनों ने अचानक दहेज में एक ट्रैक्टर की मांग रख दी। फातिमा के पिता इफ्तेकार ने यह मांग पूरी करने में असमर्थता जताई और कहा कि उनकी हैसियत से बाहर है। इस बात से नाराज होकर दूल्हे अनस के परिवार वालों ने लड़की पक्ष से नाराजगी जताई और फातिमा के लिए कोई और लड़का देखकर निकाह करने को कह दिया। इसी कहासुनी में मामला इतना बिगड़ गया कि शादी हाथापाई और मारपीट में बदल गई।
दूल्हे के परिवार पर दर्ज हुआ मुकदमा
इस दौरान दोनों पक्षों के दस से अधिक लोग चोटिल हो गए। मारपीट के बाद दूल्हे अनस ने निकाह करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दुल्हन फातिमा के पिता इफ्तेकार ने तुरंत पुलिस थाने पहुंचकर दूल्हे अनस और उसके साथ परिवार वालों के खिलाफ दहेज मांगने की शिकायत दर्ज करा दी।