KNEWS DESK – तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। गोशामहल से विधायक और अपने बेबाक हिंदुत्ववादी बयानों के लिए चर्चित टी राजा सिंह ने पार्टी नेतृत्व से नाराज होकर भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने त्यागपत्र की प्रति साझा करते हुए लिखा, “बहुतों की चुप्पी को सहमति मत समझिए… मैं सिर्फ अपने लिए नहीं, उन हजारों कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के लिए बोल रहा हूं जो आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।”
नेतृत्व चयन को लेकर नाराज
टी राजा सिंह काफी समय से तेलंगाना भाजपा में नेतृत्व परिवर्तन की मांग कर रहे थे। उन्होंने खुद को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की खुली अपील भी की थी। उनका दावा था कि पार्टी के अनेक कार्यकर्ता उन्हें इस पद पर देखना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने गोरक्षा, हिंदुत्व और संगठन विस्तार को अपनी प्राथमिकताएं बताया था।
राजा सिंह ने कहा था कि वे प्रदेश में भाजपा को हिंदुत्व की जमीनी ताकत में बदलना चाहते हैं और पार्टी का संदेश हर घर तक पहुंचाना चाहते हैं। लेकिन पार्टी नेतृत्व ने उनकी मांग को नजरअंदाज करते हुए वरिष्ठ नेता और हाई कोर्ट के वकील एन. रामचंदर राव के नाम को प्रदेश अध्यक्ष के लिए हरी झंडी दिखा दी।
अपने इस्तीफे में राजा सिंह ने पार्टी नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी को संबोधित पत्र में लिखा, “यह निर्णय केवल मेरे लिए नहीं, बल्कि लाखों कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए भी गहरा आघात है। जो पार्टी की पहली सरकार के सपने देख रहे थे, वह सपना गलत नेतृत्व के चयन से टूटता दिख रहा है।” राजा सिंह ने इसे “पर्दे के पीछे से संचालित नेतृत्व” बताया और कहा कि “पार्टी के हितों पर कुछ लोगों के निजी स्वार्थ हावी हो गए हैं।”
https://x.com/TigerRajaSingh/status/1939637113814942091
“मैं भाजपा से अलग, लेकिन हिंदुत्व से नहीं”
हालांकि उन्होंने यह साफ किया कि वह केवल भाजपा संगठन से अलग हो रहे हैं, हिंदुत्व और धर्म के प्रति उनकी निष्ठा बनी रहेगी। उन्होंने लिखा, “मैं अपनी आवाज उठाता रहूंगा और हिंदू समाज के साथ और मजबूती से खड़ा रहूंगा। यह एक कठिन लेकिन आवश्यक फैसला है।” राजा सिंह ने अपने संदेश में यह भी कहा कि “तेलंगाना भाजपा सत्ता के बहुत करीब थी, लेकिन अवसर को गंभीरता से न लेने के कारण पार्टी फिर से पिछड़ती दिख रही है।”
एन. रामचंदर राव बन सकते हैं नए प्रदेश अध्यक्ष
भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने एन. रामचंदर राव को तेलंगाना भाजपा का नया अध्यक्ष बनाए जाने का मन बना लिया है। वे एक वरिष्ठ अधिवक्ता, पूर्व MLC और भाजपा के पुराने कार्यकर्ता हैं, जो विवादों से दूर रहे हैं। उनके मंगलवार को निर्विरोध निर्वाचित होने की संभावना जताई जा रही है।
रामचंदर राव ने विद्यार्थी परिषद और भाजपा के कानूनी मोर्चे में वर्षों तक काम किया है। माना जा रहा है कि उन्हें एक “स्थिर और संतुलित चेहरा” मानते हुए नेतृत्व ने चुना है।