KNEWS DESK- देश की राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में रविवार को लगातार दूसरे दिन भी तेज बारिश दर्ज की गई। इसी के साथ भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूरे देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के निर्धारित समय से 9 दिन पहले पहुंचने की पुष्टि कर दी है। मौसम विभाग ने आगामी सप्ताह में देश के विभिन्न हिस्सों में भारी से मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है और कई राज्यों में रेड व यलो अलर्ट लागू किया गया है।
आईएमडी के अनुसार, मानसून ने राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पूरी दिल्ली को रविवार को कवर कर लिया। यह 2020 के बाद पहली बार है जब मानसून इतनी तेजी से पूरे भारत में फैला है। इस साल मानसून ने 24 मई को ही केरल में दस्तक दे दी थी, जो कि सामान्य समय से एक हफ्ता पहले था।
हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ समेत उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन से चार दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक चंडीगढ़ में 119.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। हरियाणा के रोहतक, गुरुग्राम, कैथल, नूह और पंचकुला जिलों में 91 मिमी तक वर्षा दर्ज की गई।
झारखंड में अगले 48 घंटों तक भारी बारिश की संभावना है। सोमवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी रांची समेत पूर्वी सिंहभूम जिले के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है। शनिवार को कोवाली थाना क्षेत्र के एक निजी आवासीय स्कूल में पानी भरने से 162 छात्र फंस गए थे। राहत कार्य चलाकर सभी छात्रों को सुरक्षित निकाला गया।
ओडिशा के उत्तरी हिस्सों में भारी बारिश के चलते बाढ़ की आशंका जताई गई है। बालासोर और मयूरभंज जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। बुधबलंग, सुवर्णरेखा, जलाका और सोनो नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और सोमवार तक बाढ़ की स्थिति बनने की चेतावनी दी गई है। मयूरभंज जिले में एहतियातन सोमवार को सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। प्रशासन ने सभी राज्यों को सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन की तैयारियां मजबूत रखने के निर्देश दिए हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम संबंधी ताजा जानकारी पर नजर रखें।
ये भी पढ़ें- बिहार चुनाव 2025: 2003 की मतदाता सूची होगी ऑनलाइन जारी, निर्वाचन आयोग ने लिया अहम फैसला