पराग त्यागी ने फूट-फूटकर रोते हुए पत्नी को दी अंतिम विदाई, शेफाली जरीवाला के अंतिम संस्कार में सेलेब्स का लगा तांता

KNEWS DESK – ‘कांटा लगा’ गर्ल और ‘बिग बॉस 13’ की चर्चित कंटेस्टेंट शेफाली जरीवाला अब इस दुनिया में नहीं रहीं। उनके अचानक निधन ने सिर्फ उनके परिवार को ही नहीं, बल्कि पूरी इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों को गहरे सदमे में डाल दिया है। शनिवार को उनका अंतिम संस्कार मुंबई में किया गया, जहां सेलेब्स से लेकर आम लोग तक उन्हें अलविदा कहने पहुंचे।

पति पराग त्यागी बदहवास हालत में दिखे

शेफाली के अंतिम संस्कार से सामने आए वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। एक वीडियो में देखा जा सकता है कि शेफाली को अंतिम विदाई देने के लिए उनके पति पराग त्यागी उन्हें कांधा देते हुए नजर आए। इस दौरान वे बुरी तरह टूटे हुए दिखे। एक अन्य क्लिप में पराग कैमरे से बचते हुए फूट-फूटकर रोते नजर आए। उनके दुख और शोक में डूबे चेहरे ने सभी की आंखें नम कर दीं।

सेलेब्स का लगा तांता

अंतिम संस्कार में हिंदुस्तानी भाऊ, टीवी इंडस्ट्री के कई साथी कलाकार और दोस्त नजर आए। सभी ने शेफाली को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। उनकी अचानक हुई मौत से हर कोई हैरान और दुखी है।

शेफाली के निधन से टीवी और म्यूज़िक इंडस्ट्री को भी गहरा झटका लगा है। एक तरफ जहां फैंस सोशल मीडिया पर लगातार श्रद्धांजलि पोस्ट कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सेलेब्स भी उनकी यादों को साझा कर अपना दुख जाहिर कर रहे हैं।

फैंस भी सदमे में

शेफाली की आखिरी तस्वीरें और उनकी इंस्टाग्राम पोस्ट अब यादों की विरासत बन गई हैं। फैंस को अब भी यकीन नहीं हो रहा कि जिस मुस्कुराते चेहरे को उन्होंने स्क्रीन पर देखा, वो अब हमेशा के लिए उनसे दूर हो गया है।

2002 में आए रीमिक्स गाने ‘कांटा लगा’ से शेफाली जरीवाला ने रातोंरात लोकप्रियता हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने रियलिटी शोज़, म्यूजिक वीडियोज़ और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी शानदार काम किया।