गुरुग्राम महिला मॉक पार्लियामेंट में इमरजेंसी पर तीखी बहस, CM नायब सैनी का कांग्रेस पर निशाना, राहुल गांधी को भी घेरा

KNEWS DESK- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गुरुग्राम में आयोजित महिला मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम में आपातकाल (Emergency) के मुद्दे पर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 1975 में लगे आपातकाल के दौरान कांग्रेस ने न केवल लोकतंत्र का गला घोंटा, बल्कि देशभर में आम जनता पर अत्याचार किए।

मुख्यमंत्री सैनी ने कार्यक्रम में युवतियों से संवाद करते हुए कहा “आपातकाल भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का सबसे काला अध्याय था। कांग्रेस ने सत्ता के लालच में संविधान की धज्जियां उड़ा दी थीं। लोगों की आवाज दबाई गई, प्रेस पर प्रतिबंध लगा और लाखों लोगों को जेल में डाल दिया गया।”

राहुल गांधी के हालिया बयानों को लेकर भी सैनी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा “राहुल गांधी को बार-बार शीशा देखने की जरूरत नहीं है, क्योंकि अब उनकी राजनीति का चेहरा ही खराब हो चुका है। वे खुद को जितना भी चमकाएं, जनता अब सब समझ चुकी है।” इस टिप्पणी के जरिए सैनी ने इशारों में कांग्रेस की मौजूदा स्थिति और राहुल गांधी की भूमिका पर सवाल उठाए।

यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण और राजनीति में भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था, जिसमें हरियाणा और NCR की दर्जनों छात्राओं ने हिस्सा लिया। युवतियों ने संसद की कार्यप्रणाली को अनुभव करने के साथ-साथ विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार भी रखे।

मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा “आज की ये बेटियां कल की नेता हैं। लोकतंत्र की ताकत तभी बढ़ेगी जब महिलाएं राजनीति में और सक्रिय होंगी।”

कार्यक्रम में सैनी के बयानों के बाद हरियाणा और दिल्ली की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने सैनी के बयानों पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि “बीजेपी आपातकाल की आड़ में अपनी असफलताओं को छिपा रही है।”

ये भी पढ़ें-   गुजरात भी जुड़ेगा घरेलू टी20 लीग की दौड़ में, 2025-26 सीजन में लॉन्च होगी नई फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट