KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्ट्रेस इलियाना डिक्रूज ने फैंस के साथ एक बार फिर खुशखबरी साझा की है। एक्ट्रेस दूसरी बार मां बन गई हैं और उन्होंने अपने नन्हें बेटे की पहली झलक इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए उसके नाम और जन्म की तारीख का खुलासा भी किया है। इलियाना की इस प्यारी सी पोस्ट पर सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया है और फैंस समेत सेलेब्स भी उन्हें ढेर सारा प्यार भेज रहे हैं।
इलियाना ने शेयर की बेटे की पहली फोटो
इलियाना डिक्रूज ने इंस्टाग्राम पर ब्लैक एंड व्हाइट फोटो शेयर की, जिसमें उनके नवजात बेटे की एक झलक देखने को मिली। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा, “हमारा दिल बहुत भरा हुआ है।” इसके साथ एक नजर वाला इमोजी और लाल दिल भी जोड़ा गया। इस पोस्ट में इलियाना ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे का नाम कीनू राफे डोलन (Keenu Rafe Dolan) रखा है और उसका जन्म 19 जून, 2025 को हुआ है।
दूसरी बार मां बनने की खुशी
यह इलियाना के लिए दूसरी बार मां बनने का खास मौका है। इससे पहले उन्होंने 1 अगस्त, 2023 को अपने पहले बेटे कोआ फीनिक्स डोलन (Koa Phoenix Dolan) को जन्म दिया था। लगभग दो साल के भीतर इलियाना ने दो बेटों को जन्म दिया, जिससे उनका परिवार अब पूरा हो गया है।
प्रियंका चोपड़ा और सेलेब्स ने दी बधाई
इलियाना की इस प्यारी सी अनाउंसमेंट पर सेलेब्स और फैंस ने दिल खोलकर उन्हें बधाइयां दी हैं। प्रियंका चोपड़ा ने कमेंट करते हुए लिखा, “मुबारक हो ब्यूटीफुल।” वहीं एक्टर करणवीर शर्मा ने लिखा, “बधाई हो मॉमी।” फैंस भी लगातार कमेंट सेक्शन में दिल और प्यार से भरे इमोजी के साथ शुभकामनाएं दे रहे हैं।

प्रेग्नेंसी रूमर्स के बाद आई पुष्टि
कुछ दिनों पहले इलियाना को बेबी बंप के साथ देखा गया था, जिससे प्रेग्नेंसी की अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि तब तक उन्होंने कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की थी। अब खुद एक्ट्रेस ने इस पोस्ट के ज़रिए फैंस को खुशखबरी दी है और रूमर्स पर विराम लगा दिया है।
बता दें कि इलियाना डिक्रूज ने अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड माइकल डोलन से 13 मई, 2023 को एक निजी समारोह में शादी की थी। अपनी शादी की खबर को उन्होंने काफी समय तक छुपाए रखा था और बाद में एक इंटरव्यू में इसकी पुष्टि की थी।