डेटिंग रूमर्स के बीच फिर साथ दिखे फातिमा सना शेख और विजय वर्मा, ‘उमराव जान’ की स्क्रीनिंग से शेयर की फोटोज

KNEWS DESK – बॉलीवुड की गलियों में एक बार फिर लव अफेयर्स की सुगबुगाहट सुनाई दे रही है, और इस बार चर्चा का केंद्र हैं अभिनेता विजय वर्मा और ‘दंगल’ फेम एक्ट्रेस फातिमा सना शेख। कुछ समय पहले विजय का नाम तमन्ना भाटिया से जुड़ रहा था, लेकिन अब दोनों के ब्रेकअप की खबरों के बीच विजय का दिल किसी और पर आ गया है और वो हैं फातिमा!

साथ-साथ दिखे, साथ बिताया क्वालिटी टाइम

हाल ही में मुंबई में आयोजित हुई रेखा की फिल्म ‘उमराव जान’ की स्पेशल स्क्रीनिंग में विजय वर्मा और फातिमा सना शेख एक साथ पहुंचे। यही नहीं, इस बार इस रूमर्ड कपल ने खुद अपने सोशल मीडिया पोस्ट्स से इन अफवाहों को और हवा दे दी है।

फातिमा ने इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें से अधिकांश में विजय वर्मा उनके साथ नजर आ रहे हैं। इस स्क्रीनिंग में तब्बू, जैकी श्रॉफ, मनीष मल्होत्रा और नुसरत भरूचा जैसे बड़े सितारे भी मौजूद थे, लेकिन हर तस्वीर में फातिमा और विजय की खास केमिस्ट्री ने सबका ध्यान खींचा।

थियेटर में रेखा की गोद में बैठी फातिमा

इस खास स्क्रीनिंग में एक फोटो में फातिमा सना शेख रेखा की गोद में बैठी नज़र आईं। उन्होंने रेखा और उनकी फिल्म ‘उमराव जान’ की जमकर तारीफ करते हुए लिखा, “बड़े पर्दे पर ‘उमराव जान’ देखी और ये क्या असली एक्सपीरियंस था। हर बार जब रेखा जी स्क्रीन पर आती थीं, हम चौंक जाते थे। उनकी आंखें, ठहराव, ग्रेस… उफ्फ! उनसे नजरें हटाना नामुमकिन है। मैं उनके प्यार में हूं। वो मैजिक हैं।”

डेटिंग की अटकलें फिर तेज़

हालांकि कुछ दिन पहले एक इवेंट में फातिमा ने इन खबरों को अफवाह करार दिया था, लेकिन अब खुद उनके पोस्ट और साथ बिताया गया समय सवाल खड़े कर रहा है। सोशल मीडिया पर यूज़र्स लगातार दोनों की बॉन्डिंग को लेकर कयास लगा रहे हैं।

बॉलीवुड में सितारों के बीच दोस्ती और अफवाहों का चोली-दामन का साथ रहा है। लेकिन फातिमा और विजय की लगातार एक साथ उपस्थिति, साथ में बिताया गया समय और सोशल मीडिया पर तस्वीरों की बौछार इस बात का संकेत दे रही है कि कुछ तो है जो इन दोनों को जोड़ रहा है।