इटावा मामले में पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कसा तंज, बोले- कहीं ट्रंप को पता चल गया तो….

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के इटावा में भगवताचार्य के साथ अभद्रता और चोटी काटने वाले मामले ने राजनीतिक रूप ले लिया है। इस घटना के बाद देश ब्राह्मण और यादव वर्ग में बंट गया है। जहां एक ओर ब्राह्मण वर्ग जाति छुपाने और गुमराह करने समेत अनेक आरोप लगा रहे हैं, वहीं यादव वर्ग ने ब्राह्मणों से अपने घरों में पूजा-पाठ न कराने की अपील की है। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने इटावा की घटना का जिक्र करते हुए सीएम योगी से सवाल किया।

सीएम योगी अभी तक सो रहे थे क्या?

प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने सीएम योगी को घेरते हुए कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि मुख्यमंत्री अब तक क्या सो रहे थे? उनको जब जगना था, तब तो वह जगे नहीं। कथावाचकों को अपमानित किया गया और चोटी काट दी गई। अगर ये बात सच है तो हम किस बात के विश्व गुरु हैं? क्या आपको लगता है कि दुनिया के लोग इस मामले को नहीं देख रहे होंगे? दुनिया के लोग जरूर देख रहे होंगे कि भारत में क्या हो रहा है।

ट्रंप की ली चुटकी

उन्होंने आगे कहा कि अगर ट्रंप जी को पता लग जाए कि इटावा में ऐसा हुआ है, तो समझ लो क्या होगा। मैं संविधान को मानता हूं। वह कहते हैं कि हम चार बजे जग जाते हैं, लेकिन इटावा के अंदर रातभर कथावाचक अपमानित होते रहें। मैं सरकार से सवाल करता हूं कि इस तरह की घटना क्यों हो रही है? इससे पहले मुझे महोबा की घटना की जानकारी मिली थी। एक शादीशुदा दलित परिवार को चप्पल नहीं उतारने पर अपमानित होना पड़ा। अपनी बात को रखते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाज और संस्थाओं के कई सम्मानित सदस्यों ने महान विचार साझा किए हैं। आज छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती पर हम छत्रपति शाहूजी महाराज, डॉ. बीआर अंबेडकर, डॉ. राममनोहर लोहिया और अन्य महान हस्तियों के दिखाए गए मार्ग को याद करते हैं। हम इस मार्ग पर चलते रहेंगे और सामाजिक न्याय की स्थिति स्थापित करने के लिए अथक प्रयास करेंगे।