दीपिका के घर आने के बाद शोएब ने ऐसे मनाया फादर्स डे, फैंस ने लुटाया प्यार

KNEWS DESK –  टीवी इंडस्ट्री की लोकप्रिय एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़, जो अपने बेहतरीन अभिनय और प्यारी मुस्कान से दर्शकों का दिल जीत चुकी हैं, हाल ही में एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रही थीं। लेकिन अब राहत की बात यह है कि सर्जरी के बाद दीपिका घर लौट आई हैं। उनके पति और एक्टर शोएब इब्राहिम ने इस भावुक पल को अपने यूट्यूब व्लॉग के ज़रिए फैंस के साथ साझा किया।

कुछ हफ्तों पहले दीपिका की तबीयत अचानक बिगड़ने की खबर सामने आई थी। मेडिकल जांच के बाद पता चला कि उन्हें ट्यूमर है और वो स्टेज 2 के लिवर कैंसर से भी जूझ रही हैं। इस खबर ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि उनके फैंस को भी झकझोर दिया था। हालांकि, समय रहते सर्जरी की गई और अब दीपिका रिकवरी की राह पर हैं।

व्लॉग में दिखीं घर की रौनक

दीपिका की घर वापसी के बाद शोएब इब्राहिम ने अपने लेटेस्ट व्लॉग में उन खास लम्हों को कैद किया है। वीडियो में दीपिका अपने बेटे रुहान और परिवार के साथ नजर आ रही हैं। शोएब ने बताया कि पिछले एक महीने से घर का माहौल काफी तनावपूर्ण था, लेकिन अब जाकर जिंदगी में थोड़ी रौशनी लौटी है।

उन्होंने कहा,“अल्लाह का लाख-लाख शुक्र है क्योंकि पिछले 1 महीने से जो वक्त बीता है न, वहां ऐसे हंसी-मजाक बहुत कम हुआ है। अब कोशिश करेंगे कि घर में फिर से वही हंसी-खुशी लौटे।”

व्लॉग में शोएब ने फादर्स डे की कुछ झलकियां भी दिखाई हैं, जिसमें उनके बेटे रुहान और भांजे के लिए गिफ्ट खरीदे जाते हुए और उनके साथ खेलते हुए देखा जा सकता है। खास बात ये रही कि दीपिका खुद रुहान से शोएब को फादर्स डे विश करवा रही हैं। ये पल फैंस के लिए बेहद इमोशनल रहा।

फैंस का उमड़ा प्यार

वीडियो पर फैंस का खूब प्यार देखने को मिला। एक यूज़र ने लिखा, “कितने दिन बाद शोएब के चेहरे पर मुस्कान देखने को मिली, अल्लाह दीपिका को जल्द से जल्द ठीक करे।” वहीं कई लोगों ने दीपिका की सेहत को लेकर दुआएं भेजीं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।