KNEWS DESK – ‘महाकुंभ गर्ल’ मोनालिसा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उनका पहला म्यूजिक वीडियो रिलीज हुआ, जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। अब मोनालिसा को लेकर एक और बड़ी खबर सामने आई है। डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने ऐलान किया है कि वह बहुत जल्द मोनालिसा के साथ अपनी अगली फिल्म की शूटिंग शुरू करने जा रहे हैं। सनोज मिश्रा ने इस खबर की पुष्टि खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए की है।
सनोज मिश्रा का पोस्ट हुआ वायरल
फिल्ममेकर सनोज मिश्रा, जो हाल ही में जेल से रिहा हुए हैं, उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है जिसमें वो मोनालिसा, उनके पिता जय सिंह और अपने करीबी दोस्त महेंद्र लोधी के साथ नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के साथ सनोज ने एक भावुक और आक्रामक कैप्शन भी लिखा है।
उन्होंने कहा, “हेलो फ्रेंड्स, कल वायरल गर्ल मोनालिसा, उनके पिता जय सिंह और मेरे भाई महेंद्र लोधी जी मुंबई ऑफिस आए थे। हमारी फिल्म की शूटिंग बहुत जल्दी शुरू होने वाली है, इसलिए इससे जुड़ी जरूरी बातचीत और तैयारियां की जा रही हैं।”
“लोग आपके सुख से जलते हैं” – सनोज मिश्रा
सनोज मिश्रा ने अपनी पोस्ट में ट्रोलिंग, विवाद और अपने हालिया अनुभवों को लेकर भी खुलकर लिखा। उन्होंने कहा, “लोग आपके सुख से दुखी होते हैं। अगर आप तरक्की करते हैं, तो आपको नीचा दिखाने के लिए झूठे आरोप तक लगा देते हैं। लोग रेप जैसे केस में फंसा देते हैं, लेकिन जब आप टूटते हैं, तो वही लोग संवेदना जताते हैं।”
उन्होंने आगे जोड़ा,“अगर आप एक अच्छा घर बनाते हैं तो लोग जलते हैं, कमियां निकालते हैं। लेकिन उसी घर में अगर आग लग जाए, तो सबसे पहले दौड़कर वही लोग आते हैं दुख जताने। यही इंसान का स्वभाव है। एक बार फिर मैं और मेरी टीम एक बड़ी फिल्म बनाने में जुट गए हैं। सहयोग बनाए रखिए।”
फैंस ने किया सपोर्ट
सनोज मिश्रा के इस पोस्ट पर सोशल मीडिया पर ढेरों प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। एक यूजर ने लिखा, “शानदार सर, आगे बढ़ते रहिए।” दूसरे ने लिखा, “आपके हौसले को सलाम, गॉड ब्लेस यू।” कई लोगों ने “हर हर महादेव” के जयकारे लगाकर उन्हें समर्थन दिया।