उत्तर प्रदेश में गर्मी का कहर जारी, 15 जून तक राहत नहीं, 16 से प्री-मानसून की उम्मीद

KNEWS DESK-  उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और लू के चपेट में है। पूरब से लेकर पश्चिम तक गर्म हवाओं और तेज धूप ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। दिन हो या रात, तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आ रही। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 15 जून तक प्रदेश में भीषण गर्मी का यही दौर बना रहेगा। हालांकि 16 जून से प्री-मानसून की बौछारें प्रदेश के कई हिस्सों को राहत दे सकती हैं। विशेष रूप से बुंदेलखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्र के जिले जैसे झांसी, जालौन, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, मथुरा, अलीगढ़, आगरा, फिरोजाबाद और बागपत गर्म हवाओं और लू की चपेट में हैं। शुक्रवार को झांसी, बांदा, आगरा, प्रयागराज और वाराणसी में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। दिनभर की तपिश के बाद भी रातों में उमस से लोगों को चैन नहीं मिल रहा।

मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रदेश के 19 जिलों में हीट वेव अलर्ट जारी किया है। इनमें मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, झांसी, जालौन, अलीगढ़, मथुरा, इटावा, मैनपुरी, औरैया जैसे जिले शामिल हैं। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, “15 जून तक प्रदेश भर में तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा और लू जैसी परिस्थितियां बनी रहेंगी।”

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 16 जून से प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में गरज-चमक और बूंदाबांदी की शुरुआत हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों जैसे बलिया, मऊ, आजमगढ़, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज में 16 जून से मौसम में बदलाव की संभावना है। यह बारिश प्री-मानसून की पहली दस्तक हो सकती है।

शनिवार को प्रदेश के पूर्वी और तराई के लगभग 35 जिलों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, कौशांबी, सोनभद्र, मिर्जापुर, गाजीपुर, जौनपुर, गोंडा, बलरामपुर, लखीमपुर खीरी, अयोध्या, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद, बहराइच जैसे जिलों में आंधी और हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है।

ये भी पढ़ें-   ईरान ने बदला लेने की दी धमकी, क्या ये तीसरे विश्व युद्ध की शुरुआत है?