बेंगलुरु: OYO होटल में विवाहित महिला की बेरहमी से हत्या, प्रेमी ने 17 बार चाकू से किया वार

KNEWS DESK –  कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक ओयो होटल के कमरे में 36 वर्षीय विवाहित महिला की उसके प्रेमी ने बेरहमी से हत्या कर दी। घटना पूर्णा प्रज्ञा लेआउट इलाके की है, जहां 25 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर यशस ने अपनी प्रेमिका हरिनी की चाकू से 17 बार वार कर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

मेला बना मुलाकात की वजह

जानकारी के मुताबिक, हरिनी और यशस की पहली मुलाकात एक स्थानीय मेले में हुई थी। वहीं से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और जल्द ही यह जान-पहचान दोस्ती और फिर शारीरिक संबंधों में बदल गई। हरिनी पहले से शादीशुदा थी और दो बच्चों की मां थी, लेकिन यशस के साथ उसका अफेयर पति से छिपाकर चल रहा था।

पति को हुआ शक, रिश्ता टूटा तो प्रेमी ने ठान ली हत्या

हरिनी के पति दासेगौड़ा को जब पत्नी की गतिविधियों पर शक हुआ तो उसने उसका मोबाइल फोन चेक किया। फोन में प्रेम संबंधों की जानकारी मिलने के बाद उसने हरिनी को घर में बंद कर दिया और बाहर निकलने से रोक दिया। इस दौरान हरिनी अपने प्रेमी से संपर्क नहीं कर पाई, जिससे यशस मानसिक रूप से परेशान हो गया।

गुस्से और निराशा में उसने हरिनी को मारने की ठान ली और इसके लिए एक चाकू भी खरीद लिया। कुछ महीनों बाद जब हरिनी ने फिर से यशस से संपर्क किया, तो दोनों ने 6 जून को एक बार फिर मुलाकात की और पूर्णा प्रज्ञा लेआउट स्थित ओयो होटल में रुके।

होटल में दोनों के बीच बातचीत और शारीरिक संबंध बने। इसके बाद अचानक यशस ने चाकू निकाला और हरिनी पर एक के बाद एक 17 बार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद यशस फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही सुब्रह्मण्यपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम के साथ जांच शुरू की। होटल से सभी जरूरी साक्ष्य जुटाए गए और सीसीटीवी फुटेज की मदद से यशस की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में यशस ने जुर्म कबूल कर लिया है। उसका कहना है कि हरिनी से दूरी और रिश्ते के टूटने ने उसे मानसिक रूप से तोड़ दिया था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।