KNEWS DESK – भारतीय क्रिकेट को अपनी लेग स्पिन से यादगार बनाने वाले पीयूष चावला ने शुक्रवार को पेशेवर क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया। चावला ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर इस फैसले की घोषणा की। उन्होंने लिखा कि अब वक्त आ गया है कि वह अपने करियर के इस खूबसूरत सफर को अलविदा कहें।
17 साल की उम्र में रचा था इतिहास
मार्च 2006 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू कर पीयूष चावला ने इतिहास रच दिया था। तब उनकी उम्र महज 17 साल और 75 दिन थी। वे भारत के लिए टेस्ट खेलने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी बने—यह उपलब्धि उनसे पहले केवल सचिन तेंदुलकर ने हासिल की थी।
https://www.instagram.com/p/DKjWnE3J91T/?utm_source=ig_embed&utm_campaign=loading
पीयूष चावला ने भारत के लिए 3 टेस्ट, 25 वनडे और 7 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। उन्होंने इन मुकाबलों में कुल 43 विकेट चटकाए। 2012 में उन्होंने आखिरी बार भारत की जर्सी पहनी थी।
IPL में छाए रहे चावला
आईपीएल में पीयूष चावला का सफर शानदार रहा। उन्होंने 2008 से 2024 तक कुल 192 मुकाबले खेले और उतने ही विकेट अपने नाम किए। वह चार फ्रेंचाइजियों—पंजाब किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस—का हिस्सा रहे। मुंबई इंडियंस के साथ उनका आखिरी आईपीएल सीजन 2022-24 के बीच रहा।
अपने घरेलू करियर की आखिरी झलक पीयूष चावला ने नवंबर 2024 में दिखाई, जब उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश की ओर से खेलते हुए वानखेड़े स्टेडियम में 4 विकेट लेकर महज 12 रन दिए थे। उन्होंने इस प्रदर्शन से यह जता दिया कि उनका जादू अब भी बरकरार है।
अपने पूरे पेशेवर करियर में पीयूष चावला ने सभी प्रारूपों में मिलाकर 1,000 से अधिक विकेट चटकाए। उनकी लेग स्पिन ने न केवल भारत, बल्कि दुनियाभर में बल्लेबाजों को परेशान किया।