गाजियाबादः फर्जी कागजों के सहारे जमानत कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 7 गिरफ्तार, 8 फरार

डिजिटल डेस्क- लोगों के साथ जालसाजी के मामले अक्सर सुर्खियों में आते रहते हैं पर इसबार जालसाजों ने कोर्ट को ही निशाना बना डाला। मामला प्रकाश में आते ही हड़कंप मच गया। गाजियाबाद में जालसाजों ने फर्जी कागजों के सहारे गंभीर आरोप में जेल में बंद कैदियों को जमानत पर रिहा करवा दिया। मामला प्रकाश में आते ही पुलिस ने जमानत पर बाहर लोगों की छानबीन शुरू कर दी। साथ ही जालसाजी को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया, वहीं 8 जालसाज चकमा देते हुए फरार हो गए।

600-700 फर्जी जमानत करवा चुका है गिरोह

पकड़े गए गिरोह में कई पुराने अपराधी भी हैं, जो खुद पहले जेल जा चुके हैं और फिर वहां से बाहर निकलते ही ये धंधा शुरू कर दिया। आरोपियों ने बताया कि 20-30 हजार की जमानत पर 5-7 हजार की कमाई होती थी। 30 से 50000 की जमानत पर 7 से ₹10000 की कमाई होती थी। गिरोह अब तक 600 से 700 फर्जी जमानतें कर चुके हैं। पुलिस को अभी और भी सदस्यों की तलाश है। पूरे रैकेट में महिलाएं, वकीलों के सहयोगी और पुराने बेल करवाने वाले शामिल हैं, जिन्हें जमानत नहीं मिलती थी या जो जमानत लेकर फरार होना चाहते थे।

ऐसे करते थे जालसाजी

गिरोह के सदस्य जमानत दिलाने के लिए सबसे पहले मोलभाव करते थे। रेट तय होने के बाद सम्राट भूलेख उत्तर प्रदेश की वेबसाइट से ऑनलाइन खतौनी निकलता था फिर उसे नाम और पते से अपना फोटो लगाकर फर्जी आधार कार्ड बनाता था। खतौनी पर जन सेवा केंद्र की मोहर लगाकर प्रमाणित करते थे। उसके बाद जिस थाने से जमानतियों का सत्यापन होना होता था। उसको थाने ना भिजवाकर स्वयं ही सत्यापित कर थाने की मोहर लगाकर न्यायालय में जमा कर देते थे। इस प्रकार जेल से निरुद्ध बंदियों की फर्जी जमानत हो जाती थी। गिरोह द्वारा अब तक करीब 700 लोगों की फर्जी जमानत ली जा चुकी हैं।

इन लोगों को किया गया गिरफ्तार

पुलिस ने मुल्तान नगर मंदिर वाली गली बागपत रोड मेरठ निवासी अनोज यादव, डासना मोहल्ला बाजिगरान थाना मसूरी निवासी इसरार, भूपेंद्रपुरी मोदीनगर निवासी बबलू, ग्राम फफराना थाना मोदीनगर निवासी लोकेंद्र, सुभाषनगर घूकना निवासी राहुल शर्मा, मोदीनगर व ग्राम बिजवाड़ा कोतवाली बागपत निवासी सुनील कुमार कृष्ण जाट और मुलह पुरवा लखीमपुर खीरी, हाल पता राजनगर गाजियाबाद निवासी विकास राजपूत को जालसाजी के आरोप में गिरफ्तार किया है।

ये लोग हो गए फरार

गिरोह के अन्य लोगों में राजकुमार, वीरू, मुर्सलीन, इरफान, इकराम, चंचल पत्नी रिजवान, भूषण, राकेश, विपिन त्यागी, महीपाल, राशिद उर्फ काला, सोनिया फरार चल रहे हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।