RCB जीत का जश्न बना मातम: बेंगलुरु भगदड़ से टूटे विराट-अनुष्का समेत कई सितारों के दिल, सेलेब्रिटीज ने जताया शोक

KNEWS DESK –  रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की ऐतिहासिक जीत के बाद आयोजित विक्ट्री परेड जश्न का रूप तो ले पाई, लेकिन इसका अंजाम बेहद दर्दनाक निकला। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर उमड़ी भीड़ में मची भगदड़ ने 11 लोगों की जान ले ली और कई को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस भयावह हादसे ने न केवल पूरे देश को स्तब्ध कर दिया, बल्कि क्रिकेट प्रेमियों के बीच गहरे शोक की लहर दौड़ा दी है।

इस घटना को लेकर अब कई दिग्गजों और बॉलीवुड हस्तियों ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा से लेकर कमल हासन, आर माधवन और विवेक ओबेरॉय जैसे नामचीन चेहरों ने सोशल मीडिया पर संवेदनाएं साझा की हैं।

विराट और अनुष्का ने साझा किया शोक संदेश

RCB के पूर्व कप्तान विराट कोहली और उनकी पत्नी, अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने हादसे के बाद टीम का आधिकारिक बयान अपने-अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया। दोनों ने लिखा, “हम इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से बेहद दुखी हैं, जो मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए हमारी नजर में आई। हमारे लिए सुरक्षा और सभी की भलाई सबसे ज्यादा जरूरी है। RCB गंवाई हुई जानों पर शोक जताता है और प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है।” उन्होंने यह भी बताया कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कार्यक्रम में बदलाव किए गए और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पूरी तरह पालन किया गया।

कमल हासन ने जताया दुख

दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार और राजनेता कमल हासन ने ट्वीट करते हुए कहा, “बेंगलुरु में दिल दहला देने वाली घटना हुई है। बहुत दुखी हूं और मैं इस दुख की घड़ी में पीड़ितों के परिवारों के साथ हूं। दुआ करता हूं कि घायल लोग जल्द ही ठीक हो जाएं।”

https://x.com/ikamalhaasan/status/1930329566536667422

आर माधवन और विवेक ओबेरॉय भी आए आगे

अभिनेता आर माधवन ने भी RCB के स्टेटमेंट को शेयर करते हुए लिखा,”ये दिल तोड़ देने वाला है। शोक मना रहे परिवारों के लिए हार्दिक संवेदनाएं। कृपया अफवाहों पर ध्यान न दें और सिर्फ अधिकारियों की जानकारी पर भरोसा करें।”

R Madhavan

वहीं अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने एक लंबा भावुक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “बेंगलुरु भगदड़ में मारे गए लोगों के लिए हम गहरा दुख महसूस कर रहे हैं। यह वह पल था जब पूरा देश क्रिकेट की खुशी मना रहा था, लेकिन कुछ परिवारों के लिए यह पल कभी ना भरने वाला दर्द बन गया। हम सभी को जिम्मेदारी से पेश आना होगा और भविष्य में ऐसी त्रासदी दोबारा न हो, इसके लिए मिलकर काम करना होगा।”

Vivek Oberoi