डिजिटल डेस्क- अयोध्या स्थित राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद आज राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम बड़े धूमधाम से संपन्न हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य यजमान की भूमिका में नजर आये और विधि-विधान के साथ पूजा अर्चना करते हुए प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई। प्राण प्रतिष्ठा से पहले सीएम योगी ने अयोध्या पहुंच रामलला के दर्शन किए। पिछले साल 22 जनवरी को राम जन्मभूमि पर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी। आज पूरे विधि विधान के साथ खास अभिजीत महूर्त में राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा (Ram Darbar Pran Pratishtha) कार्यक्रम हुआ। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर खास वैदिक मंत्रों से गूंज उठा। प्राण प्रतिष्ठा को लेकर करीब 17 मिनट का शुभ मुहूर्त तय किया गया था। यानी कि दिन में 11:25 बजे से 11:40 के बीच राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम था।
अयोध्या में चल रहा है भव्य आयोजन
3 जून से लेकर 5 जून तक राम दरबार समेत कई देवालयों की प्राण प्रतिष्ठा का विराट आयोजन अयोध्या में किया गया। आज समापन का दिन है। देवी-देवताओं के आठ मंदिरों की प्राण प्रतिष्ठा का समारोह 5 जून को गंगा दशहरा के दिन ख़त्म होगा। राम दरबार समेत अष्ट देवालयों में देव विग्रहों के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के पहले दिन यज्ञशाला में विभिन्न शास्त्रीय अनुष्ठान का शुभारंभ किया गया। दूसरे दिन विभिन्न अधिवास हुए और उत्सव विग्रहों का परिसर भ्रमण कराया गया। साथ ही यज्ञमंडप के अलावा प्राण प्रतिष्ठा वाले स्थानों पर भी पूजन किया गया।

भगवान की मूर्तियों को सजाया गया आभूषणों से
भगवान के आभूषणों में किरीट-कुंडल व मुकुट से लेकर कंठाहार, बाजू बंद करधनी, कंगन व ब्रेसलेट के अलावा माता सीता के सभी आभूषण एवं देवी -देवताओ के स्वर्ण निर्मित आयुध भी लाए गए है। इन आयुधों में तीर-धनुष व गदा के अतिरिक्त कटार व कृपाण भी शामिल हैं।
राजा राम व माता सीता सहित सभी देव विग्रहों के लिए हीरा-मोती जड़ित स्वर्णाभूषण
भगवान के श्रृंगार के लिए बुधवार को राजा राम व माता सीता सहित सभी देव विग्रहों के लिए हीरा-मोती जड़ित स्वर्णाभूषणों को लाया गया। आपको बता दें कि गुजरात के दिलीप भाई ने इन सभी आभूषणों को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की सहमति के बाद रामलला को समर्पित किया है।