तुर्किए-फिनलैंड रक्षा डील, रूस के खिलाफ नाटो की नई रणनीति का अहम हिस्सा बनी तुर्की

KNEWS DESK-  अब तक रूस और पश्चिमी देशों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश में दिखता रहा तुर्किए अब खुलकर नाटो खेमे में खड़ा होता दिख रहा है। इसकी ताजा मिसाल है तुर्किए और फिनलैंड के बीच हुआ रक्षा सहयोग समझौता, जो केवल व्यापारिक करार नहीं, बल्कि नाटो की रणनीतिक घेराबंदी का हिस्सा बनता जा रहा है।

सोमवार को तुर्की और फिनलैंड ने रक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए, जिसमें दोनों देशों की प्रमुख डिफेंस कंपनियां Patria (फिनलैंड) और ASELSAN तथा Roketsan (तुर्किए) मिलकर रक्षा उत्पादन करेंगी। इस साझेदारी को नाटो की नई तकनीकी और रणनीतिक शक्ति के रूप में देखा जा रहा है।

एक समय था जब फिनलैंड ने तुर्की को हथियारों की आपूर्ति पूरी तरह रोक दी थी। वजह थी तुर्किए का 2019 में किया गया “ऑपरेशन पीस स्प्रिंग”, जो सीरिया में कुर्द लड़ाकों के खिलाफ था। लेकिन 2023 में स्थितियां बदलीं। फिनलैंड ने न सिर्फ हथियारों का बैन हटाया, बल्कि तुर्की को 12,000 टन आर्मर-ग्रेड स्टील सप्लाई किया।इसके बाद तुर्की ने फिनलैंड की नाटो सदस्यता को मंजूरी दी। दोनों देशों के रिश्तों में गर्माहट आई, जो अब रणनीतिक डिफेंस डील में बदल चुकी है। Patria के 6×6 और 8×8 आर्मर्ड व्हीकल्स में ASELSAN का रिमोट वेपन सिस्टम लगाया जाएगा। Roketsan द्वारा विकसित मिसाइल तकनीक भी इन वाहनों का हिस्सा बन सकती है। इन हथियारों और तकनीकों को मिडल ईस्ट और साउथ अमेरिका जैसे बाजारों में एक्सपोर्ट किया जाएगा। यह साझेदारी सिर्फ व्यापार नहीं, बल्कि नाटो की रणनीतिक क्षमता को बढ़ाने का प्रयास भी है।

तुर्की को ड्रोन, मिसाइल और जमीनी लड़ाइयों का वास्तविक अनुभव है, जो सीरिया, अजरबैजान और लीबिया में दिख चुका है। फिनलैंड के पास आर्कटिक वॉरफेयर की तकनीक और उच्च स्तरीय रक्षा उत्पादन की दक्षता है। दोनों देशों की यह संयुक्त शक्ति नाटो को रूस के खिलाफ एक नया मोर्चा देने वाली है।

बता दें कि साल 2023 में फिनलैंड ने 333 मिलियन यूरो के रक्षा उत्पाद एक्सपोर्ट किए – 20 वर्षों का रिकॉर्ड। 40-60% रक्षा उत्पादन एक्सपोर्ट में जाता है – खासतौर पर कम्युनिकेशन, आर्मर्ड व्हीकल्स, और आर्कटिक टेक्नोलॉजी में। 2025 तक फिनलैंड ने रक्षा बजट को GDP का 2.5% तक बढ़ाने का ऐलान किया है – जो कि नाटो की मानक सीमा से अधिक है।

ये भी पढ़ें-   21 जुलाई से शुरू होगा संसद का मानसून सत्र, ऑपरेशन सिंदूर और पाकिस्तान पर होगी खास चर्चा