मनमोहन सिंह ने मौन रहकर की थी 6 सर्जिकल स्ट्राइक, कांग्रेस ने बताई तारीख, दिखाए सबूत

डिजिटल डेस्क- अपनी पार्टी के लिए मुसीबत बने शशि थरूर ने मोदी सरकार में हुई सर्जिकल स्ट्राइक को पहली सर्जिकल स्ट्राइक बताया। शशि थरूर के इस बयान के बाद कांग्रेस ने कांग्रेस शासनकाल के दौरान की गई सर्जिकल स्ट्राइक की तारीखों के साथ सबूतों को भी सबके सामने रखा। पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से यूपीए की सरकार में सीमा पार 6 बार स्ट्राइक करने का दावा किया है।

कांग्रेस के समय हुए थे 6 सर्जिकल स्ट्राइक

कांग्रेस पार्टी की आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से एक पोस्ट की गई है, जिसमें मनमोहन सिंह के कार्यकाल में पाकिस्तान के अंदर किए गए सर्जिकल स्ट्राइक्स का ब्यौरा दिया गया है। सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक यूपीए की सरकार में 2004 से 2014 तक कुल 6 बार भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन किया है। पोस्ट किस जगह ऑपरेशन किया गया और कब किया गया इसकी जानकारी दी गई है।

कांग्रेस द्वारा बताई गई सर्जिकल स्ट्राइक की तारीखें

कब-कब हुई सर्जिकल स्ट्राइक

  1. 19 जून, 2008 को पुंछ में भट्टल सेक्टर
  2. 30 अगस्त से 1 सितंबर, 2011 में केल में शारदा सेक्टर नीलम नदी घाटी के पास
  3. 6 जनवरी, 2013 को सावन पात्रा चेकपोस्ट पर
  4. 27-28 जुलाई, 2013 को नाजापीर सेक्टर पर
  5. 6 अगस्त, 2013  नीलम घाटी पर हमले का जवाब
  6. 14 जनवरी, 2014 को नीलम घाटी पर हमले का जवाब

कांग्रेसी नेता शशि थरूर के बयान के बाद छिड़ा विवाद

पाकिस्तान के खिलाफ भारत का रुख रखने और ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी देने के लिए केंद्र सरकार ने सांसदों के 7 समूहों को 33 देशों के दौरे पर भेजा है। कांग्रेस सांसद थरूर का समूह अमेरिका और पनामा समेत अन्य देश गया है। पनामा में थरूर ने यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया कि 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पहली बार सर्जिकल स्ट्राइक की थी।