नौतपा में भीषण गर्मी से कैसे रखें अपना ख्याल? जानिए क्या खाएं और किन चीजों से करें बचाव

KNEWS DESK- 25 मई से शुरू हो चुका है नौतपा, जो गर्मी के सबसे तपते हुए नौ दिन माने जाते हैं। इस समय सूर्य पृथ्वी के सबसे करीब होता है, जिससे तापमान चरम पर पहुंच जाता है। नौतपा का धार्मिक और पारंपरिक महत्व भी है। इसे कृषि की दृष्टि से और संक्रमण से बचाव के लिहाज से भी अहम माना जाता है।

 

 

इस दौरान हीट स्ट्रोक से बचने के लिए सबसे जरूरी है कि आप अपने खानपान पर विशेष ध्यान दें। इस लेख में जानिए उन 5 खाद्य पदार्थों के बारे में जो आपको इन नौ दिनों में जरूर खाने चाहिए।

खीरा 

पानी से भरपूर ठंडक देने वाला सुपरफूड। खीरे में लगभग 95% पानी होता है, जो शरीर को हाइड्रेटेड रखने और गर्मी से राहत देने में मदद करता है। नौतपा के दौरान रोजाना देसी खीरे का सेवन करना फायदेमंद रहेगा। इससे शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है।

प्याज 

लू से बचने का परंपरागत तरीका, गर्मी में प्याज एक प्राकृतिक कूलेंट की तरह काम करता है। रोजाना कच्चे प्याज को सलाद में शामिल करें। यह लू से बचाता है और शरीर को अंदर से ठंडक देता है।

 नारियल पानी 

एनर्जी और इलेक्ट्रोलाइट्स का खजाना नारियल पानी में प्राकृतिक इलेक्ट्रोलाइट्स होते हैं जो शरीर को ऊर्जा देते हैं और हाइड्रेटेड रखते हैं। नौतपा के दौरान इसे अपनी डेली डाइट में जरूर शामिल करें। इसके अलावा बेल का शरबत और आमपन्ना भी अच्छे विकल्प हैं।

 दही और छाछ 

पाचन को रखें दुरुस्त गर्मी में पाचन तंत्र कमजोर हो जाता है। ऐसे में दही और छाछ का सेवन न केवल पाचन को दुरुस्त करता है, बल्कि शरीर को हाइड्रेट भी रखता है। रोज दोपहर के खाने में एक कटोरी दही या छाछ जरूर लें।

 तरबूज 

ठंडक देने वाला फल तरबूज गर्मी के दिनों का सबसे पसंदीदा फल है। लेकिन ध्यान रहे, तरबूज को काटने से पहले 2-3 घंटे तक पानी में जरूर रखें ताकि उसमें मौजूद गर्मी कम हो जाए। केमिकल से पके हुए फलों से बचें।

इन चीजों से करें परहेज 

  • मसालेदार और तले हुए भोजन से बचें।
  • बाहर का खाना बिल्कुल न खाएं।
  • गर्म तासीर वाली चीजें जैसे जिमीकंद, बैंगन, लहसुन और नॉनवेज न खाएं।
  • पैक्ड फूड और जंक फूड से दूरी बनाएं।

नौतपा में शरीर को हाइड्रेट और ठंडा रखने के लिए सही खानपान बेहद जरूरी है। ऊपर बताई गई चीजों को अपनी डाइट में शामिल कर आप गर्मी की तपिश में भी खुद को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रख सकते हैं।