पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, AAP विधायक रमन अरोड़ा विजिलेंस की गिरफ्त में

KNEWS DESK-  पंजाब की भगवंत मान सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के जालंधर सेंट्रल से विधायक रमन अरोड़ा के खिलाफ विजिलेंस विभाग की छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई राज्य में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा मानी जा रही है।

सरकार को मिली शिकायतों के मुताबिक, रमन अरोड़ा पर आरोप है कि उन्होंने नगर निगम अधिकारियों के साथ मिलकर जालंधर के नागरिकों को झूठे नोटिस भिजवाए। इन नोटिसों के कारण आम लोगों को मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। आरोप है कि अरोड़ा इन नोटिसों को रद्द करवाने के लिए लोगों से रिश्वत लेते थे।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह विजिलेंस टीम अरोड़ा के जालंधर स्थित आवास पर पहुंची और वहां घंटों तक तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया, हालांकि उन्हें किस पुलिस स्टेशन ले जाया गया है, इस बारे में अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही पंजाब सरकार ने रमन अरोड़ा को दी गई सुरक्षा वापस ले ली थी, जिसे इस कार्रवाई की भूमिका के रूप में देखा जा रहा है। इससे पहले भी रमन अरोड़ा को लेकर कई शिकायतें सामने आई थीं, जिनकी जांच चल रही थी। इस कार्रवाई के जरिए भगवंत मान सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जाएगी, चाहे आरोपी किसी भी राजनीतिक दल से क्यों न जुड़ा हो। आम आदमी पार्टी, जो खुद को ईमानदारी और पारदर्शिता की राजनीति की प्रतिनिधि मानती है, के विधायक के खिलाफ हुई इस कार्रवाई को राजनीतिक साहस के रूप में भी देखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें-  आपकी नसों में सिर्फ पानी है। खून और सिंदूर की बात मत करो…. कांग्रेस नेता उदित राज ने पीएम मोदी पर कसा तंज