बागपतः अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 2 किमी दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज

कुलदीप पंडित-  उत्तर प्रदेश के बागपत में उस समय जोरदार धमाके से दहशत फैल गई, जब एक अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में बारूद का जखीरा फट गया। बारूद फटने से मकान पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। वहां पर मौजूद लोगों ने किसी तरह से भागकर अपनी जान बचाई। घंटो मसक्क्त करने के बाद आग पर काबू पाया गया। दरअसल, पूरा मामला बागपत के छपरौली नगर का है, जहां टंकी के पास कॉलोनी में बने एक मकान में बारूद फटने से जोरदार धमाका हो गया। बताया जा रहा है कि छपरौली निवासी नौशाद का यह मकान है, जहां पर अवैध रूप से पटाखों के निर्माण का कार्य चल रहा था। हालांकि पॉश इलाके में बन रहे पटाखे के निर्माण ने पुलिस की व्यवस्थाओं की भी पोल खोल दी है।

दो किमी तक सुनाई दी धमाके की आवाज

फैक्ट्री में हुए धमाके से छपरौली क्षेत्र दहल गया। धमाका इतना तेज था कि दो किलो मीटर तक धमाके की गुंज सुनाई दी। छपरौली में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री पॉश इलाके में थी। गनीमत इस बात की रही कि धमाका रात के वक्त हुआ और क्षेत्र में भीड़ नहीं थी वरना किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता था। छपरौली में हुए विस्फोट से किसी प्रकार की कोई जानमाल की हानि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार संचालित अवैध पटाखा फैक्ट्री के बारे में जानाकारी जुटाई जा रही है।

अवैध पटाखा फैक्ट्री का गढ़ बनता जा रहा उत्तर प्रदेश

26 अप्रैल 2025 को सहारनपुर जिले के देवबंद क्षेत्र में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि शवों के टुकड़े 200 मीटर तक बिखर गए और पूरी इमारत ढह गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। वहीं 2 अक्टूबर 2024 को बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में लगातार दो घंटे तक हुए धमाकों से तीन महिलाओं की मौत हो गई और दो बच्चे लापता हो गए। विस्फोट से आठ मकान जमींदोज हो गए। फैक्ट्री संचालक के पास लाइसेंस था, लेकिन वह अपने ससुराल के घर में अवैध रूप से निर्माण कर रहा था। 

1 अक्टूबर 2024 को झांसी जिले के समथर थाना क्षेत्र में जंगल में चल रही एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ, जिससे आठ मजदूर घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर थी। फैक्ट्री झोपड़ी में संचालित हो रही थी और सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। 7 अक्टूबर 2024 को गोंडा जिले के रगड़गंज गांव में मोहम्मद फारूक के घर में अवैध पटाखा निर्माण के दौरान विस्फोट हुआ, जिसमें एक लड़के समेत दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।