भारत सरकार के विदेश भेजे गए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडलों में शशि थरूर को मिली अहम जिम्मेदारी, कहा- राष्ट्रीय हित में सेवा के लिए हमेशा तैयार

KNEWS DESK- भारत सरकार द्वारा सात प्रमुख देशों में भेजे जा रहे सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडलों की सूची में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद शशि थरूर को भी महत्वपूर्ण भूमिका सौंपी गई है। विदेश मामलों के जानकार और अनुभवी सांसद थरूर ने इस जिम्मेदारी को सम्मान बताते हुए कहा है कि जब राष्ट्रीय हित की बात होगी, वे हर बार सेवा के लिए उपलब्ध रहेंगे।

शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी प्रतिक्रिया में लिखा “हाल की घटनाओं पर हमारे देश का दृष्टिकोण प्रस्तुत करने के लिए पांच प्रमुख राजधानियों में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए भारत सरकार के निमंत्रण से मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं। जब राष्ट्रीय हित की बात हो और मेरी सेवाओं की आवश्यकता हो, तो मैं उपलब्ध रहूंगा। जय हिंद।” थरूर के इस बयान को राजनीतिक मतभेदों से परे, एकजुट राष्ट्र की भावना का प्रतीक माना जा रहा है।

भारत सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख को वैश्विक मंचों पर स्पष्ट करने के लिए यह पहल की है। विशेष रूप से पहलगाम आतंकी हमला और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद, भारत की यह रणनीति है कि वह अंतरराष्ट्रीय समुदाय को यह संदेश दे कि आतंकवाद के लिए अब कोई सहानुभूति या सहनशीलता नहीं होगी।

इसके तहत, सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल दुनिया की प्रमुख राजधानियों का दौरा करेंगे, जिनमें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्य देश भी शामिल हैं।

सात अलग-अलग प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व विभिन्न दलों के सांसदों को सौंपा गया है-

  • शशि थरूर (कांग्रेस)

  • रविशंकर प्रसाद (बीजेपी)

  • बैजयंत पांडा (बीजेपी)

  • संजय झा (जदयू)

  • कनिमोई (द्रमुक)

  • सुप्रिया सुले (राकांपा – शरद पवार गुट)

  • श्रीकांत शिंदे (शिवसेना – शिंदे गुट)

इनमें चार नेता राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से और तीन INDIA गठबंधन से हैं, जो एक संतुलित राजनीतिक प्रतिनिधित्व को दर्शाता है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने जानकारी दी कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता से बात की थी। इस पर 16 मई को कांग्रेस की ओर से निम्नलिखित चार सांसदों के नाम विदेश प्रतिनिधिमंडलों के लिए प्रस्तावित किए गए:

  1. आनंद शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री

  2. गौरव गोगोई, उपनेता, कांग्रेस लोकसभा

  3. डॉ. सैयद नसीर हुसैन, राज्यसभा सांसद

  4. राजा बरार, लोकसभा सांसद

ये भी पढ़ें-   केदारनाथ में बड़ा हादसा टला, इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान हेलीकॉप्टर क्षतिग्रस्त, सभी यात्री सुरक्षित