लखनऊ- मोहनलालगंज स्थित किसान पथ पर बिहार से दिल्ली जा रही स्लीपर बस में सुबह करीब 5 बजे अचानक भीषण आग लग गई. जिससे बस के अंदर सो रहे पांच यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई. जिसमें मां-बेटी और भाई-बहन शामिल हैं। वहीं, बाकी यात्रियों ने दरवाजा तथा खिड़कियों से कूद कर अपनी जान बचाई। घायलों को अस्पताल में एडमिट कराया गया है। स्थानीय पुलिस मौके पर मौजूद है। वहीं, सीएम योगी ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए हैं।
सभी मृतक बिहार के
जानकारी अनुसार लखनऊ के किसान पथ पर गुरुवार की तड़के सुबह घटना घटी है। बताया जा रहा है कि मृतकों में दो महिलाएं, एक पुरुष और दो छोटे बच्चे शामिल हैं। सभी मृतक बिहार के बेगूसराय जिले से बताए जा रहे हैं।
एक घंटे तक सड़कों पर दौड़ती रही जलती बस
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के तुरंत बाद ड्राइवर और कंडक्टर बस से कूदकर भाग गए। इस दौरान, तेज रफ्तार में दौड़ती बस लगभग एक किलोमीटर तक जलती हुई चलती रही। जिससे हालात और भी भयावह हो गए। बस में आग लगने के बाद कई यात्री बाहर निकलने के लिए खिड़कियों से कूदने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन खिड़कियों पर लगी लोहे की रॉड ने उनकी राह रोक दी। इससे कई लोग बस के अंदर ही फंस गए और जलकर झुलस गए।
ड्राइवर और कंडक्टर फरार
इस हादसे के बाद ड्राइवर और कंडक्टर दोनों फरार हो गए हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है। हादसे के बाद ट्रैवल कंपनी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। न तो बस में सही अग्निशमन व्यवस्था थी, न ही कोई आपातकालीन निकास। यात्रियों ने आरोप लगाया है कि बस में ओवरलोडिंग थी और सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे।
मृतकों की हुई शिनाख्त
- देवराज उम्र 2.5 वर्ष (गमबारा,सीतामंढी बिहार)
- साक्षी उम्र 2 वर्ष (गमबारा,सीतामंढी बिहार)
- लख्खी देवी उम्र 55 (समस्तीपुर बिहार)
- सोनी उम्र 27 (समस्तीपुर बिहार)
- मधुसूदन कुमार उम्र 19 (बेगुसराय,बिहार)