KNEWS DESK – कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान और पीओके में आतंकियों के ठिकानों पर आधी रात को एयर स्ट्राइक की। इस ऑपरेशन को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया है। भारत की इस सैन्य कार्रवाई पर जहां देशभर से समर्थन मिल रहा है, वहीं पाकिस्तान के फिल्म और टीवी सितारे इसकी कड़ी आलोचना कर रहे हैं।
हानिया आमिर ने बताया ‘कायरता’
पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर ने भारत की ओर से की गई इस कार्रवाई को “कायरतापूर्ण कृत्य” बताया है। उन्होंने लेखिका फातिमा भुट्टो के ट्वीट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा करते हुए भारत की निंदा की। भले ही भारत में हानिया का इंस्टाग्राम अकाउंट प्रतिबंधित हो, लेकिन उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

माहिरा खान का भी तीखा रिएक्शन
‘रईस’ फिल्म में शाहरुख खान के साथ नजर आ चुकीं पाकिस्तानी एक्ट्रेस माहिरा खान ने भी भारत की कार्रवाई को “गंभीरता से, कायरतापूर्ण” बताया है। उन्होंने फातिमा भुट्टो के ट्वीट को साझा करते हुए कहा, “अल्लाह हमारे देश की रक्षा करे, सबको सद्बुद्धि दे। आमीन।”

फातिमा भुट्टो ने क्या कहा?
पाकिस्तानी लेखिका फातिमा भुट्टो ने भारत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट में दावा किया कि भारतीय हमले में एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है। उन्होंने लिखा, “भारत की आक्रामकता का शिकार एक मासूम बच्चा हुआ है। कौन-सा देश नागरिक इलाकों में बमबारी करता है जब लोग सो रहे होते हैं?”
फातिमा ने यह भी आरोप लगाया कि भारत इस पूरे हमले के लिए कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर पाया है और इसे उन्होंने “दुष्ट राष्ट्र” की तरह व्यवहार करना बताया। उन्होंने भारत की तुलना इजरायल से करते हुए कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय कानून और कूटनीति की “घनघोर अवमानना” कर रहा है।