KNEWS DESK – बॉलीवुड के दिग्गज गायक सोनू निगम एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गए हैं। बेंगलुरु के ईस्ट पॉइंट कॉलेज में आयोजित एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान उनके द्वारा की गई एक टिप्पणी ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। कार्यक्रम के दौरान एक दर्शक ने जब उनसे कन्नड़ गीत गाने की गुजारिश की, तो सोनू की प्रतिक्रिया न सिर्फ तीखी थी, बल्कि उसने एक गंभीर राष्ट्रीय घटना को भी अनायास ही जोड़ दिया, जिसके चलते अब उनके खिलाफ FIR दर्ज हो चुकी है।
क्या कहा सोनू निगम ने?
कॉन्सर्ट के दौरान सोनू निगम से एक फैन ने कन्नड़ गाना गाने की मांग की, जिस पर गायक ने मंच से कहा, “मैं तुम लोगों के पैदा होने से पहले से कन्नड़ गा रहा हूं। यही रवैया है जिसकी वजह से पहलगाम हमला हुआ।” इस कथन ने वहां मौजूद लोगों को चौंका दिया। उन्होंने एक हल्की-फुल्की गुजारिश को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े आतंकी हमले से जोड़ दिया, जिससे कई श्रोताओं को ठेस पहुंची।

सोनू निगम की यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। कई यूज़र्स ने इसे संवेदनहीन और गैर-जिम्मेदाराना बताया। वहीं, स्थानीय कन्नड़ संगठनों और नागरिक समूहों ने इस बयान की कड़ी आलोचना करते हुए ईस्ट पॉइंट कॉलेज प्रशासन पर भी सवाल खड़े किए, कि आखिर ऐसे कार्यक्रमों में इस तरह की टिप्पणी को कैसे अनुमति दी जा सकती है।
FIR में क्या आरोप लगाए गए हैं?
बेंगलुरु के अवलाहल्ली पुलिस स्टेशन में सोनू निगम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 352(1), 352(2) और 353 के तहत शिकायत दर्ज की गई है। ये धाराएं सार्वजनिक स्थान पर उकसाने, अपमान करने और सामाजिक अशांति फैलाने से संबंधित हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सोनू निगम की टिप्पणी ने भाषाई भावनाओं को आहत किया और अतिसंवेदनशील मुद्दों का अनुचित संदर्भ दिया।
सोनू निगम ने क्या दी सफाई?
विवाद बढ़ने के बाद सोनू निगम ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि उनका किसी भाषा या संस्कृति का अपमान करने का कोई इरादा नहीं था। उन्होंने कहा, “मेरा कर्नाटक और कन्नड़ संगीत से गहरा रिश्ता है। मैं विदेशों में भी कन्नड़ गाना गाता हूं। यह सिर्फ एक पल की प्रतिक्रिया थी, जो मेरे विचारों का वास्तविक प्रतिबिंब नहीं है।”