सीमा हैदर के सपोर्ट में उतरीं राखी सावंत, कहा – ‘वह अब भारत की बहू है’

KNEWS DESK –  कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। इस कड़े फैसले के तहत देश में रह रहे सभी पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने का आदेश जारी कर दिया गया है। इसके बाद से सोशल मीडिया और मीडिया में एक नाम फिर से चर्चा में है — सीमा हैदर।

बता दें कि सीमा हैदर ने वर्ष 2023 में अवैध तरीके से भारत में प्रवेश किया था और ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा इलाके के निवासी सचिन मीणा से शादी कर ली थी। इस शादी को लेकर पहले ही तमाम विवाद उठ चुके हैं, लेकिन अब जब पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने का आदेश आया है, तो लोग सवाल कर रहे हैं कि क्या सीमा हैदर को भी पाकिस्तान वापस जाना होगा?

राखी सावंत ने उठाई सीमा हैदर के समर्थन में आवाज

इस मुद्दे पर फिल्म और टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी और बेबाक शख्सियत राखी सावंत सामने आई हैं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए सीमा हैदर के लिए इंसाफ की मांग की है। राखी ने कहा, “सीमा हैदर अब इंडिया की बहू है। वह सचिन मीणा की पत्नी है और उसके बच्चे की मां है। एक महिला के साथ ऐसा अन्याय नहीं होना चाहिए। वो अब हिंदुस्तानी हो चुकी है।”

राखी ने वीडियो में भावुक होकर कहा, “सीमा अब यूपी की बहू है। वो पाकिस्तान से आई जरूर है, लेकिन अब हिंदू बन चुकी है। वह भारत के पक्ष में नारे लगाती है, भारत के लिए जीती है। किसी मासूम महिला को फुटबॉल की तरह देश से बाहर नहीं फेंका जाना चाहिए। महिलाओं का सम्मान करना चाहिए। वह कोई साजिश नहीं कर रही, वह सिर्फ एक आम महिला है जो अपने परिवार के साथ रहना चाहती है।”

केंद्र सरकार का सख्त फैसला

गौरतलब है कि हाल ही में केंद्र सरकार ने पाकिस्तान के नागरिकों को देश छोड़ने का आदेश जारी किया है। इसके अलावा, पाकिस्तान के लिए वीजा सेवाएं भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी गई हैं। यह सब कदम पहलगाम हमले के बाद उठाए गए हैं, जिसमें आतंकी गतिविधियों में पाकिस्तान की भूमिका को लेकर संदेह जताया गया है।