KNEWS DESK- पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए पाकिस्तान के खिलाफ एक के बाद एक सख्त फैसले लेने शुरू कर दिए हैं। हमले के तुरंत बाद केंद्र सरकार ने सबसे बड़ा कदम उठाते हुए पाकिस्तानी नागरिकों के सभी वीजा रद्द करने का फैसला लिया है। साथ ही, भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को 27 अप्रैल तक देश छोड़ने का आदेश जारी कर दिया गया है।
गृह मंत्रालय ने साफ निर्देश दिए हैं कि भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर उन्हें शीघ्र देश छोड़ने के लिए कहा जाए। इस फैसले में टूरिस्ट, बिजनेस, एजुकेशन, जर्नलिज्म सहित सभी वीजा कैटेगरी शामिल हैं। हालांकि, हिंदू पाकिस्तानी शरणार्थियों को दी गई दीर्घकालिक वीजा (LTV) पर यह निर्णय लागू नहीं होगा।
गृह मंत्रालय से जुड़े सूत्रों के अनुसार, एक उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से सीधी बात की और अपने-अपने राज्यों में पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गृह मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि है, और इसमें कोई समझौता नहीं होगा।
विदेश मंत्रालय (MEA) ने जानकारी दी कि पाकिस्तानी नागरिकों को दिए गए मेडिकल वीजा को 29 अप्रैल तक वैध रखा गया है, ताकि आवश्यक उपचार प्रक्रिया पूरी की जा सके। बाकी सभी प्रकार के वीजा को 27 अप्रैल से निलंबित या रद्द कर दिया जाएगा।
MEA ने यह भी साफ किया है कि पाकिस्तान में रह रहे भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द भारत लौटने की सलाह दी गई है। साथ ही भारतीयों को फिलहाल पाकिस्तान की यात्रा नहीं करने की सख्त चेतावनी भी दी गई है। यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में दो दिन पहले हुई कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक में लिया गया था। बैठक में आतंकी हमले के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति भारत के रुख को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए इस आतंकी हमले में 28 निर्दोष लोग मारे गए, जिसके बाद पूरे देश में गुस्से की लहर दौड़ गई। पाकिस्तान से संचालित आतंकी संगठनों की इस हमले में संलिप्तता की आशंका के बाद सरकार ने यह ‘जीरो टॉलरेंस’ पॉलिसी अपनाई है। यह पहली बार नहीं है जब भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ इतना सख्त कदम उठाया हो। 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के बाद भी भारत ने पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा सेवाएं तत्काल निलंबित कर दी थीं।
ये भी पढ़ें- IPL 2025: आज होगा प्लेऑफ की रेस का महामुकाबला, CSK और SRH चेपॉक में होगीं आमने- सामने