IPL 2025: छक्का मारते ही पवेलियन लौट गए संजू सैमसन, जानें मैच में ऐसा क्या हुआ…

KNEWS DESK- राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन अपने विस्फोटक अंदाज़ के लिए जाने जाते हैं। जब उनका बल्ला चलता है, तो गेंदबाजों के पास जवाब नहीं होता। लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक हाई वोल्टेज मुकाबले में उनका एक बेहतरीन शॉट ही उनके लिए भारी पड़ गया। सिक्सर तो उन्होंने शानदार मारा, मगर उसी के बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा, क्योंकि इस प्रयास में उनकी पसलियों में चोट लग गई।

16 अप्रैल को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 188 रन बनाए। जवाब में जब राजस्थान की टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी तो यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन की जोड़ी ने तूफानी शुरुआत दी। पावरप्ले के अंदर ही स्कोर 60 रन के पार पहुंच गया। छठे ओवर में, सैमसन ने विपराज निगम की गेंदों पर पहले एक चौका और फिर एक लंबा छक्का लगाया लेकिन यही छक्का उन्हें महंगा पड़ गया।

छक्का मारते वक्त संजू सैमसन की पसलियों में खिंचाव आ गया। उन्होंने अगली गेंद खेलने की कोशिश की, लेकिन दर्द तेज़ हो गया। फिजियो मैदान पर आए और उन्हें तुरंत इलाज दिया गया। हालांकि सैमसन ने खेलने की कोशिश की, लेकिन एक और गेंद के बाद दर्द असहनीय हो गया। नतीजतन, संजू सैमसन 31 रन (19 गेंद) पर ‘रिटायर्ड हर्ट’ होकर मैदान छोड़ने को मजबूर हो गए।

राजस्थान रॉयल्स के फैंस अब उम्मीद लगाए बैठे हैं कि सैमसन की चोट गंभीर न हो, और वो जल्दी ही वापसी करें। आने वाले मैचों में उनकी मौजूदगी टीम के लिए बेहद अहम होगी।

ये भी पढ़ें-  कंट्रोवर्सी के बाद अपूर्वा मखीजा ने छोड़ा अपना घर, शेयर किया इमोशनल पोस्ट