नवरात्रि की शुभकामानाएं देते हुए पीएम मोदी ने मन की बात में दिया बच्चों को गर्मियों की छुट्टी में समय के सदुपयोग करने का मंत्र

KNEWS DESK-  30 मार्च 2025 को, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 120वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। यह कार्यक्रम रविवार सुबह 11 बजे प्रसारित हुआ। मन की बात में पीएम मोदी ने जल संरक्षण, खेलो इंडिया पैरा गेम्स, स्वदेशी खेल, फिट इंडिया कार्निवाल समेत कई बिंदुओं पर चर्चा करते हुए गर्मी की छुट्टियों में बच्चों को समय का सही सदुपयोग करने के मंत्र दिये।

पीएम मोदी ने कहा कि आज चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा है, जिससे चैत्र नवरात्रि और भारतीय नववर्ष की शुरुआत होती है। इस बार विक्रम संवत 2082 शुरू हो रहा है। उन्होंने देशवासियों को चैत्र नवरात्रि, गुड़ी पड़वा और नववर्ष की शुभकामनाएँ दीं।

          फिट इंडिया कार्निवाल का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली में आयोजित पहले फिट इंडिया कार्निवल 25,000 लोगों ने हिस्सा लिया। फिट इंडिया कार्निवाल को आयोजित करने का उद्देश्य फिटनेस और जागरूकता था। साथ ही, उन्होंने टेक्सटाइल वेस्ट से निपटने के लिए स्टार्टअप्स और कचरा बीनने वालों के सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना की।
           पीएम नरेन्द्र मोदी ने भारतीय पारंपरिक खेलों जैसे कलारीपयट्टू, गटका और थांग-ता के बढ़ते प्रचलन पर खुशी जताई। उन्होंने मशहूर रैपर हनुमनकाइंड के नए गाने “Run It Up” का उदाहरण भी दिया। साथ ही पारंपरिक खेलों में लोगों को भाग लेने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि भारतीय पारंपरिक खेलों में भारत का अपना अलग ही नाम है। इसे खेलने से शरीर फिट रहता है और मानसिक तौर पर भी मजबूती मिलती है।
       हाल ही में संपन्न हुए खेलो इंडिया पैरा गेम्स का जिक्र करते हुए पीएम ने दिव्यांग खिलाड़ियों की लगन और प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन खेलों में 18 राष्ट्रीय रिकॉर्ड बने, जिनमें 12 महिलाओं ने बनाए। उन्होंने कहा कि ये खिलाड़ी सभी के लिए प्रेरणा हैं।

         बच्चों और युवाओं से अपील करते हुए पीएम ने कहा कि गर्मी की छुट्टियों का उपयोग रचनात्मक कार्यों में करें। उन्होंने सुझाव दिया कि इस समय का इस्तेमाल नई स्किल्स सीखने, पर्यावरण संरक्षण या सामाजिक कार्यों में योगदान के लिए किया जा सकता है।

गर्मियों के मौसम को देखते हुए पीएम ने जल संरक्षण की महत्ता पर बल दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पानी की बर्बादी रोकें और इसके संरक्षण के लिए छोटे-छोटे कदम उठाएँ, जैसे घरों में पानी का पुनर्जनन और संग्रहण आदि कार्य को सभी भारतीय अपनी जिम्मेदारी समझे। उन्होंने जल सरंक्षण पर कहा कि जल संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी का काम है। सभी सामूहिक तौर पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

प्रधानमंत्री ने अपने मन की बात कार्यक्रम में लोगों के द्वारा भेजे गए पत्रों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लोगों ने पत्र के माध्यम से उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं और अपने विचार लिखकर भेजे हैं। उन्होंने मन की बात कार्यक्रम में जोबी मैथ्यू के पत्र का जिक्र किया और उनके पत्र के कुछ हिस्सों को भी पढ़कर सुनाया। जोबी मैथ्यू खेलो इंडिया पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले आर्म रेसलर है।