थम जाएगा रूस-यूक्रेन युद्ध? पुतिन ने 30 दिनों के लिए ऊर्जा संयंत्रों पर हमले रोकने का किया वादा

KNEWS DESK-  तीन साल से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध के अंत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के ऊर्जा संयंत्रों पर 30 दिनों के लिए हमले रोकने पर सहमति जताई है। यह निर्णय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मंगलवार को हुई एक घंटे से अधिक की फोन बातचीत के बाद लिया गया। पुतिन ने रूसी सेना को इस आदेश का पालन करने के लिए कहा है, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि संघर्ष विराम की दिशा में यह एक सकारात्मक कदम साबित हो सकता है।

अमेरिका द्वारा पेश किए गए प्रस्ताव के तहत, रूस और यूक्रेन दोनों देशों को एक-दूसरे के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमले रोकने के लिए कहा गया था। इस प्रस्ताव पर पुतिन की सहमति के बाद अब शांति वार्ता के उद्देश्य से वार्ता शुरू की जाएगी। हालांकि, पुतिन ने 30 दिन के युद्धविराम को लेकर कुछ शर्तें भी रखी हैं, जिनमें यह प्रमुख है कि यूक्रेन को विदेशी सैन्य सहायता और खुफिया जानकारी मिलनी बंद होनी चाहिए, तभी स्थायी शांति समझौता संभव हो सकेगा।

रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने वार्ता के दौरान यह स्पष्ट किया कि यूक्रेन 30 दिनों के युद्धविराम का उपयोग अपनी सेना को पुनः संगठित करने और हथियारों से लैस करने के लिए कर सकता है, जो रूस के लिए चिंता का विषय है। पुतिन ने यह भी कहा कि स्थायी शांति तभी संभव है, जब यूक्रेन को मिल रही विदेशी सैन्य सहायता बंद की जाएगी और कीव को मिलने वाली खुफिया जानकारी भी रुक जाएगी। इसके अलावा, पुतिन और ट्रंप के बीच इस बात पर सहमति बनी कि दोनों देश एक-दूसरे के 175-175 युद्धबंदियों को रिहा करेंगे, और रूस 23 गंभीर रूप से घायल यूक्रेनी सैनिकों को कीव को सौंपेगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुतिन के साथ हुई बातचीत के बाद इसे सकारात्मक बताया। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “पुतिन के साथ बातचीत बहुत अच्छी रही। हमने सभी ऊर्जा संयंत्रों और बुनियादी ढांचे पर तत्काल युद्ध विराम पर सहमति जताई है। हम पूर्ण युद्ध विराम के लिए तेजी से काम करेंगे और अंतत: रूस और यूक्रेन के बीच इस भयानक युद्ध को समाप्त करेंगे।”

इस घटनाक्रम को रूस-यूक्रेन युद्ध के समापन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, हालांकि शांति की प्रक्रिया में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर आगे चर्चा और सहमति की आवश्यकता होगी। इस संघर्ष के स्थायी समाधान की दिशा में यह पहला बड़ा प्रयास है, जिसे पूरी दुनिया ने गौर से देखा।

ये भी पढ़ें-   9 महीने बाद धरती पर लौटीं सुनीता विलियम्स, एलन मस्क ने ट्वीट कर दी बधाई