KNEWS DESK, उत्तर प्रदेश विधानसभा में बजट सत्र के पांचवे दिन उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के एक बयान पर सपा विधायकों ने भारी हंगामा किया। उनके बयान के बाद सदन में विरोध तेज हो गया, और सपा विधायक नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए।
सपा विधायकों ने डिप्टी सीएम के खिलाफ नारेबाजी की
यूपी विधानसभा में बजट पर चर्चा हो रही थी, तभी उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के पुराने बयान का उल्लेख किया। इस पर सपा विधायकों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सपा विधायक लगातार नारेबाजी करते रहे और डिप्टी सीएम से माफी की मांग की।
बीजेपी सदस्य भी खड़े हुए, विधानसभा अध्यक्ष ने सपा को बाहर भेजा
सपा के विरोध के बीच बीजेपी सदस्य भी खड़े हो गए और सदन में तनाव बढ़ गया। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सपा के सदस्यों को सदन से बाहर जाने को कहा। इसके बाद हंगामा बढ़ता देख, अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी।
डिप्टी सीएम का बयान, ‘लड़कियों से गलती हो जाती है’
दरअसल, यह विवाद सपा विधायक समरपाल सिंह द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के बयान से शुरू हुआ। डिप्टी सीएम ने कहा, “नेताजी (मुलायम सिंह) का सम्मान तो बहुत किया, सपा वाले नेताजी की हर बात मानते हो, क्या वह बात भी मानेंगे, लड़कों से गलती हो जाती है।” इस बयान के बाद सपा विधायकों ने विरोध शुरू कर दिया।
नेता प्रतिपक्ष ने मुलायम सिंह यादव का किया सम्मान
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने भी खड़ा होकर कहा कि मुलायम सिंह यादव सम्मानित व्यक्ति रहे हैं, और उनके बारे में इस तरह की बात नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मंत्री जी ने जानबूझकर विवाद खड़ा करने की कोशिश की।
वित्तमंत्री सुरेश खन्ना का स्पष्टीकरण
वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने हंगामा शांत कराने की कोशिश की और कहा कि सदन में किसी का नाम नहीं लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुलायम सिंह यादव सभी के आदरणीय नेता हैं और उनके बारे में कोई गलत बयान नहीं दिया गया है।