प्रतिभावान विद्यार्थियों को लैपटॉप उपलब्ध कराने से प्रदेश के उज्जवल भविष्य की संभावनाएं अधिक सशक्त होंगी- मुख्यमंत्री मोहन यादव

KNEWS DESK- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि परिवार में मां द्वारा अपने बच्चों को पुष्पित, पल्लवित करने में प्राप्त आनंद का शब्दों में वर्णन नहीं किया जा सकता। इसी प्रकार प्रदेश के प्रतिभावान विद्यार्थियों को लैपटॉप प्रदान करने से जो आनंद प्राप्त हो रहा है, वह अवर्णनीय है। यह जीवन भर स्मृतियों में रहने वाली अनुभूति है। परिवार में सदस्यों का जैसे सभी संसाधनों पर अधिकार होता है, उसी प्रकार राज्य सरकार के सभी संसाधनों पर समाज के कमजोर से कमजोर तबके का अधिकार है। मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप प्रदान करने से उनकी प्रतिभा निखरेगी, जिससे प्रदेश के उज्जवल भविष्य की संभावनाएं अधिक सशक्त होंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश के 89 हजार 710 मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप लेने के लिए 224 करोड़ की राशि अंतरित करने के लिए प्रशासन अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सिंगल क्लिक से विद्यार्थियों के खातों में राशि अंतरित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों से कहा कि उन्हें उपलब्ध कराई जा रही 25-25 हजार रूपए राशि का उपयोग लैपटॉप क्रय में ही किया जाए। विद्यार्थी अपनी पसंद के अनुसार, अपनी इच्छानुसार स्थान से लैपटॉप लें और लैपटॉप खरीदने की रसीद अपनी शाला में आवश्यक रूप से जमा कराएं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलित तथा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर मार्ल्यापण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों से संवाद किया तथा अपने उद्बोधन से प्रोत्साहित भी किया। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, भोपाल के प्रभारी तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री कृष्णा गौर, भोपाल महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, रवीन्द्र यती सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत में विद्यमान गुरुकुल परंपरा जातियों और वर्ग भेद से मुक्त थी। सभी को समान रूप से सभी व्यवस्थाओं के लिए अधिकार देकर और प्रतिभाओं को निखार कर भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार किया जाता था। आज प्रदान किये जा रहे लैपटॉप से विद्यार्थियों को अध्ययन तकनीक का उपयोग करते हुए ज्ञानार्जन और कौशल विकास में मदद मिलेगी। विद्यार्थियों में आगे बढ़ने के और नवाचार करने के लिए आत्मविश्वास विकसित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री मोदी का अभिवादन करते हुए कहा कि यह सब उनकी सोच के परिणामस्वरुप ही संभव हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इजराइल का उदाहरण देते हुए कहा कि अपने आस-पास विद्यमान चुनौतियों का सामना करने के लिए वर्तमान परिस्थितियों में अद्यतन तकनीक के साथ चलना आवश्यक है। अपने देश के हितों की सुरक्षा और जन-जन के कल्याण के लिए तकनीकी रूप से दक्ष होना जरूरी है।

ये भी पढ़ें-  25 फरवरी को आएगा सज्जन कुमार की सजा पर फैसला, कोर्ट ने कहा- दो दिन में लिखित बयान दाखिल करें