KNEWS DESK – रविवार, 19 जनवरी को डी.वाई. पाटिल स्टेडियम में कोल्डप्ले ने अपने बहुप्रतीक्षित ‘म्यूजिक ऑफ द स्फीयर्स वर्ल्ड टूर’ का दूसरा शो आयोजित किया। इस ऐतिहासिक मौके पर फैंस की भारी भीड़ ने कोल्डप्ले के गानों पर दिल खोलकर जश्न मनाया। सोशल मीडिया पर इस शानदार शो के फोटो और वीडियो वायरल हो रहे हैं। खासतौर पर, एक वीडियो ने हर किसी का ध्यान खींचा, जिसमें कोल्डप्ले के मुख्य गायक क्रिस मार्टिन बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान के लिए अपना प्यार जाहिर करते नजर आए।
शाहरुख खान को समर्पित क्रिस का ट्रिब्यूट
शो के दौरान क्रिस मार्टिन ने मंच से शाहरुख खान को समर्पित करते हुए कहा, “शाहरुख खान फॉरएवर।” उनकी यह घोषणा सुनते ही पूरा स्टेडियम तालियों और चीखों से गूंज उठा। यह दूसरी बार है जब क्रिस ने किंग खान के प्रति अपना लगाव खुलकर जाहिर किया। 2019 में, उन्होंने एक ट्वीट के जरिए शाहरुख खान के लिए अपने प्यार का इज़हार किया था। अब, कॉन्सर्ट में लाइव ट्रिब्यूट देकर उन्होंने अपने और शाहरुख के फैंस को रोमांचित कर दिया।
https://x.com/Vamp_Combatant/status/1881052194595906019
भारतीय फैंस के लिए क्रिस का खास अंदाज
क्रिस मार्टिन ने न केवल अपने संगीत से बल्कि अपनी बातचीत से भी भारतीय फैंस का दिल जीत लिया। उन्होंने हिंदी में बात करते हुए कहा, “गुड इवनिंग एवरीबडी। आप सबका बहुत स्वागत है। मुंबई में आकर हमें बहुत खुशी हो रही है।” इतना ही नहीं, उन्होंने ‘जय श्री राम’ भी कहा, जिसे सुनकर दर्शकों में खुशी की लहर दौड़ गई। उनकी इस कोशिश ने भारतीय संस्कृति और फैंस के प्रति उनके सम्मान को दर्शाया।
वर्ल्ड टूर का शानदार आगाज
यह भारत में कोल्डप्ले का पहला बड़ा शो था, और इसे लेकर क्रिस बेहद उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा, “हम यहां बहुत खुश हैं। यह भारत में हमारा पहला असली शो है। तो धन्यवाद। नमस्ते।” मुंबई के शो में बैंड ने अपने कई हिट गानों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।