KNEWS DESK- मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि आज का दिन उज्जैन के निवासियों के लिए और हम सबके लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। यह एक अलग इतिहास बनकर स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज किया जाएगा। उज्जैन जो अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर के लिए विश्व प्रसिद्ध है, अब तकनीकी क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाएगा। उज्जैन में प्राचीनकाल से ही विज्ञान, खगोलशास्त्र और गणित के विद्वान रहे हैं। इसी भूमि पर आधुनिक विज्ञान की नींव रखी गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव उज्जैन में आईटी पार्क के भूमि-पूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शनिवार को शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के सामने इंदौर रोड़ पर एमपी इंडस्ट्रीयल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के द्वारा 46 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित होने वाले आईटी पार्क का भूमि पूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगामी फरवरी-2025 में भोपाल में आयोजित होने वाली ग्लोबल इंवेस्टर समिट के लोगो को लॉन्च किया। साथ ही इंवेस्टर समिट की ऑफिशियल वेबसाईट investmp.in का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे युवाओं को अब रोजगार की तलाश में घर से अधिक दूर नहीं जाना होगा। हम एक नए ईको सिस्टम का निर्माण करेंगे। वर्तमान समय में देश और प्रदेश में महत्वपूर्ण बदलाव हो रहे हैं। हमारे देश में सबसे अधिक आबादी युवा वर्ग की है। हमारी युवा शक्ति में भविष्य की संभावनाओं को लेकर आगे बढ़ने की सकारात्मक शक्ति है। हमारे युवाओं के हाथ में शक्ति, उनके पैरों में गति और मस्तिष्क में भविष्य की दूरदृष्टि है। बस उन्हें सरकार के प्रोत्साहन की आवश्यकता है। आज हमारे देश के युवा विश्व की कई बड़ी कंपनियों में सीईओ के पद पर पदस्थ हैं तथा भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। आज पूरी दुनिया आशा से भारत की तरफ देख रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन में आईटी पार्क के निर्माण के बाद प्रत्यक्ष रूप से 500 से अधिक स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और सहायक सेवाओं (कैफे, परिवहन और आवास) के माध्यम से 1 हजार से अधिक लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिलेंगे। यह परियोजना उज्जैन को प्रदेश के प्रमुख आईटी गंतव्यों में शामिल करेगी जिससे निवेश में तेजी आएगी। स्थानीय युवाओं के लिए आईटी और तकनीकी नौकरियों में अवसर बढ़ेंगे। पार्क में स्टार्ट-अप और छोटे उद्यमियों को बढ़ावा मिलेगा। मध्यप्रदेश आईटी और इलेक्ट्रॉनिक मैनुफेक्चरिंग में तेज गति से आगे बढ़ रहा है। अन्य प्रदेशों के लोग और निवेशक मध्यप्रदेश की ओर रूझान कर रहे हैं। हम उज्जैन को औद्योगिक और आर्थिक समृद्धि के नए शिखर तक पहुंचाने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार द्वारा उद्योगपतियों और निवेशकों को हर संभव सहायता और सहयोग देने का प्रयास किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- मध्यप्रदेश वर्ष-2025 तक होगा टीबी मुक्त- मुख्यमंत्री मोहन यादव