KNEWS DESK – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 5 दिसंबर 2024 यानि आज रामायण मेले का उद्घाटन करेंगे। यह चार दिवसीय मेला 5 से 8 दिसंबर तक अयोध्या के रामकथा पार्क में आयोजित होगा, जो सरयू नदी के किनारे स्थित है। इस दौरान भक्तों और पर्यटकों के लिए धार्मिक, सांस्कृतिक और अध्यात्मिक कार्यक्रमों का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
12 बजे सीएम योगी हनुमानगढ़ी में करेंगे दर्शन-पूजन
बता दें कि सीएम योगी सुबह 10:55 बजे अयोध्या स्थित रामकथा पार्क के पास हेलीपैड पर उतरेंगे और 11 बजे रामायण मेले का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री लगभग दो घंटे तक अयोध्या में रहेंगे, इस दौरान वे हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन करेंगे और रामलला के दरबार में हाजिरी लगाएंगे। राम मंदिर निर्माण की प्रगति भी देखेंगे। इसके बाद, दोपहर 12 बजे सीएम योगी हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे, फिर 12:20 बजे रामलला के दरबार में भी पहुंचेंगे। रामलला के दर्शन के बाद, सीएम योगी महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट जाएंगे और मुंबई के लिए रवाना होंगे।

रामायण मेला का सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व
रामायण मेला, जो 1982 से अयोध्या में आयोजित किया जा रहा है, हर वर्ष भारतीय संस्कृति और परंपराओं का शानदार प्रदर्शन करता है। इस मेले में रामकथा, प्रवचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक गायन, नृत्य नाटिका आदि की प्रस्तुति होगी। हर दिन विभिन्न कलाकारों द्वारा रामायण के अलग-अलग पहलुओं पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष 20 से अधिक कलाकारों द्वारा अपनी प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
रामायण मेला समिति के संयोजक आशीष मिश्र ने बताया कि इस वर्ष भी रामायण मेला न केवल धार्मिक आयोजनों से भरपूर होगा, बल्कि भारतीय संस्कृति का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगा। विभिन्न जिलों से आए कलाकार अपने भव्य कार्यक्रमों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
रामायण मेला के प्रमुख कार्यक्रम
- 5 दिसंबर
- रामलीला – हरे रामदास, अयोध्या (श्री जानकी आदर्श रामलील मंडल, अयोध्या)
- पखावज वादन – विजय रामदास, अयोध्या
- राम लाल नेहछू गायन – शांभवी शुक्ला, प्रयागराज
- भजन गायन – विजय अग्निहोत्री, लखनऊ
- 6 दिसंबर
- रामलीला – हरे रामदास, अयोध्या (श्री जानकी आदर्श रामलील मंडल, अयोध्या)
- अवधी लोक गायन – संजोली पांडेय, अयोध्या
- अवधी लोक गायन एवं नृत्य नाटिका – क्षमा वर्मा, अयोध्या
- 7 दिसंबर
- भजन गायन – वीरेंद्र सिंघल, झांसी
- रामलीला – मनीष दास, अयोध्या (अवध आदर्श रामलीला मंडल, अयोध्या)
- पखावज वादन – राजीव रंजन पांडेय, अयोध्या
- लोक गायन – जान्हवी पांडेय, अंबेडकर नगर
- भजन/लोक गायन – यामिनी पांडेय, लखनऊ
- 8 दिसंबर
- रामलीला – मनीष दास, अयोध्या (अवध आदर्श रामलीला मंडल, अयोध्या)
- भजन एवं लोक गायन – कल्पना एस वर्मन, अयोध्या
- जादू – श्री राजेश श्रीवास्तव, अमेठी
- नृत्य नाटिका – संगीता आहूजा, अयोध्या
- भजन गायन – मगन मिश्रा, लखनऊ
एक ऐतिहासिक सांस्कृतिक यात्रा
रामायण मेला की शुरुआत डॉ. राम मनोहर लोहिया की परिकल्पना पर हुई थी, जब 1982 में तत्कालीन मुख्यमंत्री श्रीपति मिश्र ने इसका उद्घाटन किया था। तब से यह मेला हर वर्ष अयोध्या में आयोजित किया जाता है, जहां भारतीय संस्कृति और रामकथा के महत्व को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाता है।