नेहा कक्कड़ और रोहनप्रीत सिंह को मिली जान से मारने की धमकी, निहंग मान सिंह का वीडियो वायरल

KNEWS DESK – बॉलीवुड की मशहूर सिंगर नेहा कक्कड़ और उनके पति रोहनप्रीत सिंह इन दिनों एक गंभीर विवाद में फंसे हुए हैं। हाल ही में निहंग मान सिंह अकाली नाम के एक शख्स ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर उन्हें खुलेआम जान से मारने की धमकी दी है। इस वीडियो ने नेहा और उनके पति के फैंस को चौंका दिया है और उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

क्यों मिली धमकी?

निहंग मान सिंह ने वीडियो में नेहा और रोहनप्रीत के सार्वजनिक व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि नेहा अपने पति के साथ गलत तरीके से पेश आती हैं और उनका बर्ताव सार्वजनिक जगहों पर सही नहीं होता। वीडियो में उन्होंने रोहनप्रीत को लेकर कहा, “नेहा को अपने पति का ध्यान रखना चाहिए और उनके साथ सही बर्ताव करना चाहिए, क्योंकि उन्होंने कुछ ऐसी हरकतें की हैं, जो उन्हें महंगी पड़ सकती हैं।”

https://x.com/IshaniKrishnaa/status/1845446537351971167

मान सिंह का कहना है कि सार्वजनिक रूप से रोमांटिक फोटो और वीडियो शेयर करना पंजाब की छवि को खराब करता है। उन्होंने इस तरह के व्यवहार को अश्लील और अनुचित करार देते हुए नेहा और रोहनप्रीत को चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने अपना व्यवहार नहीं बदला, तो उन्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। वीडियो में उन्होंने यहां तक कहा कि उन्हें इन बातों के लिए जेल जाने से भी कोई गुरेज नहीं है।

सामाजिक जिम्मेदारी का हवाला

वीडियो में मान सिंह ने समाज में बढ़ते नशे और अश्लीलता पर भी बात की और इस समय समाज को जागरूक करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सेलिब्रिटीज़ को अपना काम अच्छे तरीके से करना चाहिए और समाज में गलत संदेश नहीं फैलाना चाहिए। मान सिंह ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर गलत चीजें डालकर पंजाब की छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

नेहा और रोहनप्रीत की रोमांटिक जोड़ी

नेहा कक्कड़ और रोहनप्रीत सिंह की जोड़ी बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय जोड़ियों में से एक मानी जाती है। दोनों अक्सर अपने रोमांटिक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं, जिससे उनके फैंस बेहद खुश होते हैं। 2020 में शादी के बाद से ही ये कपल अपने रोमांटिक अंदाज और प्यार भरे पोस्ट्स के लिए सुर्खियों में रहा है।

हालांकि, हाल के दिनों में उनके इन पोस्ट्स को लेकर उन्हें ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा है, और अब यह मामला जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया है।

फैंस की चिंता और सुरक्षा

मान सिंह के इस वीडियो के बाद नेहा और रोहनप्रीत के फैंस ने सोशल मीडिया पर चिंता जाहिर की है। फैंस चाहते हैं कि सिंगर कपल इस धमकी को गंभीरता से लें और अपनी सुरक्षा को सुनिश्चित करें।

About Post Author

Leave a Reply

Your email address will not be published.