मुख्यमंत्री नायब सैनी का कांग्रेस पर बड़ा हमला, नेशनल कांफ्रेंस के वादों पर उठाए सवाल

KNEWS DESK- जन्माष्टमी के मौके पर रोहतक में भाजपा के प्रदेश चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैलजा और रणदीप सुरजेवाला से सवाल किया कि क्या वे जम्मू-कश्मीर में धारा 370 और आर्टिकल 35ए को लेकर नेशनल कांफ्रेंस की मंशा का समर्थन करते हैं।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस मिलकर चुनाव लड़ रही हैं। नेशनल कांफ्रेंस ने अपने घोषणा पत्र में कई वायदे किए हैं जो सीधे देश की सुरक्षा से जुड़े हैं। कांग्रेस के नेताओं को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वे इन वायदों का समर्थन करते हैं।

नायब सैनी ने नेशनल कांफ्रेंस द्वारा किए गए वायदों की सूची पेश की-

दलितों, गुज्जर, बकरवाल और पहड़ियों के आरक्षण को खत्म करना।

जम्मू-कश्मीर में अलग झंडे का समर्थन करना।

पाकिस्तान के साथ एलओसी पर व्यापार शुरू करने का प्रस्ताव।

आतंकवादी और पत्थरबाजी की घटनाओं में शामिल लोगों के परिवारों की नौकरियों को दोबारा बहाल करने का वादा।

शंकराचार्य पर्वत और हरि पर्वत का नाम बदलने का प्रस्ताव।

नायब सैनी ने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस को जनता को बताना चाहिए कि क्या वे इन वायदों का समर्थन करते हैं या नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा के सैनिक परिवारों और जनता को इन सवालों के जवाब चाहिए, क्योंकि जवानों ने देश की सुरक्षा के लिए बलिदान दिया है और कई बार पत्थर भी झेले हैं।

खुद की विधानसभा सीट पर स्थिति स्पष्ट नहीं

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने करनाल से चुनाव न लड़ने की अटकलों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि भाजपा पूरे 90 हलकों में चुनाव लड़ रही है और उनकी सीट का चुनाव पार्टी नेतृत्व और केंद्रीय निर्णय के आधार पर होगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

दुष्यंत चौटाला को सलाह

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के नेता दुष्यंत चौटाला को सलाह दी कि वे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीब जाने की बजाय जनता के बीच जाएं। उन्होंने कहा कि हुड्डा जेजेपी को खत्म करना चाहते हैं और दुष्यंत चौटाला को जनता के बीच जाकर अपने विचार रखना चाहिए, ताकि जनता खुद निर्णय ले सके।

ये भी पढ़ें-  उत्तराखंड: पूर्व सीएम हरीश रावत का बयान, कहा- “जम्मू कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिलेगी करारी हार”

About Post Author