छत्तीसगढ़ : पीएम मोदी 20 फरवरी को करेंगे कवर्धा केंद्रीय विद्यालय का वर्चुअल लोकार्पण

KNEWS DESK-  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 फरवरी को छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के महराजपुर स्थित नवीन केंद्रीय विद्यालय भवन का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे| इस समारोह में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा, सांसद संतोष पाण्डेय को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है| इसके अलावा अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा| केंद्रीय विद्यालय भवन एवं कर्मचारी आवासीय भवन सहित अन्य निर्माण कार्यों की लागत 20.56 करोड़ रूपए बताई गई है।

कलेक्टर जनमेजय महोबे ने केंद्रीय विद्यालय भवन के लोकार्पण की तैयारियों का जायजा लिया| कलेक्टर महोबे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने नवीन केन्द्रीय विद्यालय भवन का निरीक्षण किया| डिप्टी सीएम विजय शर्मा और सांसद संतोष पाण्डेय के अथक प्रयासों से कबीरधाम जिले को केंद्रीय विद्यालय का एक नया संयुक्त परिसर का निर्माण कार्य पूरा हो पाया है|

प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय भवन निर्माण कार्यों की आधारशीला साल 2017 में रखी गई थी| वर्तमान में केंद्रीय विद्यालय कक्षा 11वीं तक संचालित है, जिसमें 486 विद्यार्थी पढ़ते हैं| इनमें से 248 छात्र और 238 छात्राएं शामिल हैं| नवीन केंद्रीय विद्यालय भवन में सभी कक्षाएं उच्च स्तरीय तरीके से बनाए गए हैं| परिसर में खेल, संगीत सहित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पर्याप्त जगह तैयार की गई है| केंद्रीय विद्यालय वर्तमान में आउटडोर स्टेडियम परिसर में संचालित हो रही है|

About Post Author