प्रेमी की शादी से बौखलाई प्रेमिका ने शादी के चौथे दिन प्रेमी पर किया जानलेवा हमला, खेत में बुलाकर ब्लेड से नाजुक अंग पर किया वार, हालत गंभीर

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ प्रेम और प्रतिशोध के बीच एक युवक की जान पर बन आई। पाली थाना क्षेत्र में एक प्रेमिका ने अपने प्रेमी की शादी कहीं और हो जाने से नाराज होकर उस पर ब्लेड से हमला कर दिया। महिला ने युवक को मिलने के बहाने खेत में बुलाया और उसके नाजुक अंग पर ब्लेड मार दिया। युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, पाली थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक की शादी अभी हाल ही में बीती 6 मई को हुई थी। युवक का घर में नई खुशियों का माहौल था, लेकिन उसकी पूर्व प्रेमिका (जो स्वयं विवाहित है) इस शादी से बेहद आहत और आक्रोशित थी। रविवार को शादी के महज चार दिन बाद, महिला ने युवक को फोन किया और उसे पड़ोसी गांव के एक सुनसान खेत में मिलने के लिए बुलाया।

खेत में प्रेमी को देख भड़की प्रेमिका

युवक जब प्रेमिका के बुलावे पर खेत में पहुँचा, तो वहां दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। प्रेमिका इस बात से नाराज थी कि युवक ने उसे छोड़कर दूसरी जगह शादी क्यों की। बातचीत के दौरान गुस्सा इस कदर बढ़ा कि महिला ने अचानक अपने पास छिपाकर रखा हुआ ब्लेड निकाल लिया। इससे पहले कि युवक कुछ समझ पाता, महिला ने उसके नाजुक अंग पर जोरदार प्रहार कर दिया। अचानक हुए इस हमले से युवक लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। दर्द से तड़पते हुए युवक ने तत्काल अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर शाहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुँचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी

घटना की सूचना मिलते ही शाहाबाद और पाली थाने की पुलिस सक्रिय हो गई। शाहाबाद कोतवाल अरविंद राय ने बताया कि घटनास्थल पाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है, इसलिए वहां की पुलिस को सूचित किया गया। पाली थानाध्यक्ष सोमपाल गंगवार ने जानकारी दी कि आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जा रही है और कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं और लोग इस खौफनाक कदम से स्तब्ध हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *