प्रेमी के प्यार में पागल पाँच बच्चों की माँ ने पति को उतारा मौत के घाट, 7 महीने से चल रहा था अफेयर

डिजिटल डेस्क- सहारनपुर जिले के थाना गागलहेड़ी क्षेत्र से एक चौंकाने वाला हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने रविवार को ग्राम कोलकी कलां से एक महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर महिला के पति सोनू की हत्या की है। बताया जा रहा है कि आरोपी पत्नी के 5 बच्चे हैं। जानकारी के अनुसार घटना 6 सितंबर 2025 की है। मृतक के भाई ओमपाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि सोनू की हत्या उसकी पत्नी बेबी और शुभम नामक युवक ने मिलकर की है। शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

प्रेमी अक्सर महिला के ससुराल और मायके जाता था

पूछताछ में आरोपी शुभम ने बताया कि वह पिछले सात महीने से बेबी के संपर्क में था और अक्सर उसके मायके व ससुराल आता-जाता था। इसी कारण सोनू उससे नाराज रहता था। 4 सितंबर को शुभम बेबी को उसके ससुराल से अपने साथ ले गया और बाद में उसे मायके छोड़ दिया। अगले दिन जब सोनू मायके पहुंचा और पत्नी को घर ले जाना चाहा, तो बेबी ने साफ इनकार कर दिया और शुभम के साथ रहने पर अड़ी रही। इसके बाद सोनू आंगन में सो गया।

खंडहर में मिली सोनू की लाश

अगली सुबह गांव में हड़कंप मच गया जब सोनू का शव एक खंडहर में रस्सी से लटका मिला। पुलिस ने गंभीरता से जांच की तो सामने आया कि बेबी और शुभम ने मिलकर षड्यंत्र रचकर सोनू को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मॉनिटरिंग में जांच जारी है। पुलिस अन्य संदिग्धों की पहचान में जुटी है ताकि पूरी साजिश का खुलासा हो सके। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को विधिक कार्यवाही पूरी करते हुए न्यायालय में पेश कर दिया गया है।