डिजिटल डेस्क- सहारनपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां ईद से ठीक एक दिन पहले एक प्रेमी युगल ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवारों में मातम का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों के शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, मामला मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के कस्बा जौला से जुड़ा है। यहां के निवासी अजमल अपनी 14 वर्षीय साली शहराना को कुछ दिन पहले अपने साथ लेकर घर से चला गया था। इस घटना के बाद किशोरी के पिता हकीम ने बुढ़ाना थाने में अजमल के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला दर्ज कराया था। तभी से पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई थी। बताया जा रहा है कि अजमल पहले से शादीशुदा था।
वीडियो कॉल कर दिखाया सल्फास का पाउच
सूत्रों के मुताबिक, पिछले दो दिनों से यह प्रेमी युगल सहारनपुर जिले के नानौता क्षेत्र में ठहरा हुआ था। इस दौरान अजमल अपने रिश्तेदार रिजवान के संपर्क में था। शुक्रवार को अजमल ने रिजवान को वीडियो कॉल किया और सल्फास का पाउच दिखाते हुए आत्महत्या करने की बात कही। कॉल के दौरान शहराना भी उसके साथ मौजूद थी और सामान्य बातचीत करती नजर आई। रिजवान ने दोनों को काफी समझाने की कोशिश की और इस कदम से पीछे हटने के लिए कहा, लेकिन अजमल ने उसकी एक न सुनी और बीच में ही कॉल काट दी। इसके तुरंत बाद दोनों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर जहरीला पदार्थ निगल लिया। कॉल कटते ही रिजवान ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार के लोग सहारनपुर के लिए रवाना हो गए।
परिजनों के पहुंचने से पहले ही बिगड़ी हालत
स्थानीय लोगों की मदद से परिजन उस स्थान तक पहुंचे, जहां दोनों ठहरे हुए थे। इस दौरान उनकी हालत बिगड़ चुकी थी। परिजनों ने तुरंत दोनों को रामपुर मनिहारान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें शामली के कैराना रोड स्थित एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अजमल मंदवाड़ा गांव में भवन निर्माण सामग्री की दुकान चलाता था। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी पारिवारिक दबाव के चलते दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठाया।