‘बिहारी है?’ पूछकर पुलिस ने मारी गोली, डिलीवरी बॉय की मौत, तेजस्वी ने कहा- बिहारी होना अब देशद्रोह?

Knews Desk- दिल्ली में बिहार के खगड़िया के दो डिलीवरी बॉय पर पुलिस कर्मी द्वारा गोली चलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। पुलिसवाले ने गोली चलाने से पहले युवकों से उनके बिहार होने की पहचान पूछी थी। इस नृशंस हत्याकांड ने पूरे देश में गुस्सा और आक्रोश फैला दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल नीरज बलहारा ने खगड़िया निवासी 23 वर्षीय पांडव कुमार और उसके साथी कृष्ण से पहले पूछा, “तू बिहार का रहने वाला है?” इसके तुरंत बाद उसने दोनों पर गोली चला दी। पांडव को सीने में गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कृष्ण अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।

इस घटना को लेकर राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, “भाजपा सरकार में ‘बिहारी होना’ ही सबसे बड़ा अपराध और देशद्रोह हो गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि देश की राजधानी में एक गरीब मेहनतकश युवक को सिर्फ इसलिए गोली मारी गई क्योंकि वह बिहारी था। उन्होंने दिल्ली से लेकर बिहार तक के सभी भाजपा नेताओं पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया।

तेजस्वी ने नीतीश-भाजपा गठबंधन की 21 वर्षों की सरकार की खराब नीतियों को बिहारियों के पलायन का कारण बताया। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों की भाजपा सरकारें मेहनतकश बिहारियों को सम्मान की नजर से नहीं, बल्कि नफरत और शक की नजर से देखती हैं। वहीं, पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव मृतक पांडव के परिजनों से मिलने पहुंचे और सरकार से त्वरित न्याय की मांग की।

तेजस्वी यादव ने मामले की गहनता से जांच करवाने, दोषी हत्यारे पुलिसकर्मी को फांसी की सजा दिलाने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है। उन्होंने साफ कहा कि यह घटना बिहार और बिहार वासियों के सम्मान पर कुठाराघात है और अबिलंब न्याय दिलाया जाना चाहिए।