Knews Desk- दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे (NH-48) पर शुक्रवार को अचानक यातायात व्यवस्था चरमरा गई। गुरुग्राम के खेड़की दौला इलाके में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन टूटकर हाईवे पर गिर गई, जिसके बाद सुरक्षा के चलते पुलिस ने तुरंत वाहनों की आवाजाही रोक दी। इस वजह से दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया और हजारों वाहन चालक घंटों तक परेशान रहे।
जानकारी के मुताबिक, खेड़की दौला के पास द्वारका एक्सप्रेसवे क्षेत्र में बिजली की हाईटेंशन लाइन अचानक टूट गई और सड़क पर जा गिरी। हादसे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत बिजली सप्लाई बंद कर दी और दोनों तरफ का ट्रैफिक रोक दिया गया। देखते ही देखते दिल्ली से जयपुर जाने वाले रास्ते पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
खेड़की दौला से राजीव चौक तक वाहनों की कतार
हाईटेंशन लाइन टूटने का असर दिल्ली की ओर से जयपुर जाने वाले मार्ग पर सबसे ज्यादा देखने को मिला। खेड़की दौला टोल प्लाजा से राजीव चौक तक करीब 10 किलोमीटर तक गाड़ियां रेंगती नजर आईं। वहीं जयपुर से दिल्ली आने वाले रास्ते पर भी मानेसर तक ट्रैफिक प्रभावित रहा। नरसिंहपुर से खेड़की दौला टोल प्लाजा के बीच भी कई किलोमीटर तक वाहन फंसे रहे।
गुरुग्राम पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी
स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर यात्रियों से वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की। पुलिस ने बताया कि नरसिंहपुर स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास बिजली की हाई वोल्टेज लाइन गिरने के कारण NH-48 की दोनों लेन और सर्विस रोड पर यातायात अस्थायी रूप से रोका गया था।
दो घंटे की मशक्कत के बाद सामान्य हुआ ट्रैफिक
घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सबसे पहले इलाके की बिजली आपूर्ति बंद की गई, इसके बाद कर्मचारियों ने करीब दो घंटे की मेहनत के बाद सड़क से टूटी हुई तार को हटाया। तार हटाए जाने के बाद धीरे-धीरे वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई और ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य होने लगी।
वीकेंड और गर्मी ने बढ़ाई यात्रियों की परेशानी
शुक्रवार होने के साथ-साथ वीकेंड के कारण हाईवे पर पहले से ही वाहनों की संख्या ज्यादा थी। अचानक लगे इस जाम ने यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। तेज गर्मी के बीच कई परिवार, नौकरीपेशा लोग और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे।
NH-48 पर पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी परेशानियां
दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर इससे पहले भी बारिश के दौरान जलभराव और सड़क संबंधी समस्याओं के कारण लंबा जाम लग चुका है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने इस व्यस्त हाईवे की ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
फिलहाल हाईटेंशन लाइन को हटाने के बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो गया है। प्रशासन और पुलिस ने यात्रियों से सावधानी बरतने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है।