कोलकाता में 5.0 तीव्रता का भूकंप, जान बचाने के लिए मैदान की तरफ भागे लोग

डिजिटल डेस्क- पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शुक्रवार दोपहर करीब 1:20 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.0 दर्ज की गई। अचानक आए झटकों से शहर के कई हिस्सों में लोग घबराकर घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन कुछ सेकेंड तक धरती हिलने से दहशत का माहौल बन गया। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, EMSC ने भूकंप की तीव्रता 5.0 बताई है। एजेंसी के मुताबिक, भूकंप की गहराई करीब 35 किलोमीटर थी। प्रारंभिक रिपोर्ट में इसका केंद्र बांग्लादेश बताया गया है, जिसका असर कोलकाता और आसपास के इलाकों में भी महसूस किया गया।

बांग्लादेश में था केंद्र, सतखीरा इलाके से जुड़े संकेत

जानकारी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र बांग्लादेश के खुलना डिवीजन के सतखीरा इलाके के पास था। झटकों का असर सीमावर्ती इलाकों के साथ-साथ कोलकाता के साल्ट लेक, पार्क सर्कस, बेहाला और हावड़ा तक महसूस किया गया। साल्ट लेक क्षेत्र के कई निवासियों ने बताया कि इमारतें हिलने लगीं और कुछ घरों में अलमारियों से सामान नीचे गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह हाल के दिनों में महसूस किया गया सबसे तेज झटका था। एक स्थानीय निवासी ने कहा, “मेरी जिंदगी में यह सबसे तेज भूकंप का अनुभव था। झटके कई सेकेंड तक महसूस होते रहे।” कुछ लोगों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अपने अनुभव साझा किए और लिखा कि उन्होंने हाल के वर्षों में इतना मजबूत झटका नहीं महसूस किया था।

जान बचाने लिए घरों-दफ्तरों से भागे लोग

शुक्रवार को कामकाज का दिन होने के कारण कई दफ्तरों में कर्मचारी मौजूद थे। झटके महसूस होते ही लोग सीढ़ियों से नीचे उतरकर सड़क पर आ गए। कई ऑफिस बिल्डिंग्स और अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सुरक्षा के लिहाज से कुछ जगहों पर अस्थायी रूप से काम रोक दिया गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी बड़ी क्षति या घायल होने की सूचना नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में आधिकारिक निर्देशों का पालन करें। आपदा प्रबंधन टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *