डिजिटल डेस्क- असम के गुवाहाटी में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नॉर्थ ईस्ट को देश की “अष्टलक्ष्मी” बताया और कहा कि इस साल का बजट क्षेत्र के समग्र विकास को नई मजबूती देगा। बजट पेश होने के बाद असम और नॉर्थ ईस्ट का यह उनका पहला दौरा है। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र को कांग्रेस ने वर्षों तक नजरअंदाज किया, भाजपा-एनडीए सरकार उसे भक्तिभाव से सेवा और विकास की मुख्यधारा में ला रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार असम को टैक्स के हिस्से के रूप में करीब 50 हजार करोड़ रुपये मिलेंगे, जबकि कांग्रेस शासन में यह राशि लगभग 10 हजार करोड़ रुपये तक सीमित थी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में असम को पांच गुना अधिक धन मिला है और पिछले 11 वर्षों में केंद्र से 5.50 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की सहायता विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए दी गई है।
पहले नॉर्थ ईस्ट का जिक्र होते ही लोगों को खराब इंफ्रास्ट्रक्चर याद आता था…- पीएम मोदी
मोदी ने कहा कि पहले नॉर्थ ईस्ट का जिक्र होते ही लोगों को खराब इंफ्रास्ट्रक्चर याद आता था, लेकिन अब यहां ऐसे हाईवे बन रहे हैं, जहां जरूरत पड़ने पर विमान भी उतर सकते हैं। उन्होंने बताया कि बजट में नॉर्थ ईस्ट को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष फोकस किया गया है और सड़क व अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए हजारों करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। उनका कहना था कि नीतियों के विस्तार से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। प्रधानमंत्री ने पुलवामा हमले की बरसी का उल्लेख करते हुए शहीद जवानों को नमन किया और कहा कि हमले के बाद भारत ने आतंकियों को कड़ा जवाब दिया, जिसे पूरी दुनिया ने देखा। उन्होंने कहा कि देशहित में सख्त फैसले लेने की क्षमता कांग्रेस में कभी नहीं रही।
कांग्रेस झूठ फैलाने की राजनीति कर रहा है- पीएम मोदी
कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि विपक्ष झूठ फैलाने की राजनीति कर रहा है और नॉर्थ ईस्ट को लेकर भी भ्रम पैदा करता रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी भारत का भला नहीं कर सकती, क्योंकि उसके नेता राष्ट्र और “मां भारती” की अवधारणा पर सवाल उठाते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने 5जी तकनीक को असम और नॉर्थ ईस्ट के गांव-गांव तक पहुंचाने का काम किया, जबकि कांग्रेस के दौर में 3जी और 4जी तकनीक के बावजूद क्षेत्र को पर्याप्त प्राथमिकता नहीं मिली। उन्होंने जनता से कांग्रेस से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि असम का विकास अब तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।