अमरनाथ में शिवलिंग बनने का ये है रहस्य, शिवलिंग की चमत्कारी कहानी….

KNEWS DESK-  भोलेनाथ के भक्तों को बाबा बर्फानी के दर्शन का हमेशा ही इन्तजार रहता है और हिंदू धर्म में अमरनाथ यात्रा का विशेष महत्व माना जाता है। शिव भक्त समुद्र तल से 13,600 फीट की ऊंचाई पर स्थित बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए लंबी और कठिन यात्रा तय करते हैं। अमरनाथ धाम श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक महत्व और पुण्य की यात्रा है। जिसने भी इस यात्रा के बारे में जाना या सुना है, वह कम से कम एक बार जाने की इच्छा जरूर रखता है। आषाढ़ पूर्णिमा से शुरू होकर रक्षाबंधन तक पूरे सावन महीने में पवित्र हिमलिंग दर्शन के लिए श्रद्धालु यहां आते हैं। तो वहीं आपको बता दें कि इस साल यह पवित्र यात्रा 1 जुलाई 2023 से शुरू हो रही है जो अगले 62 दिनों तक चलेगी| 31 अगस्त 2023 को यह यात्रा समाप्त हो जाएगी|

शिवलिंग की चमत्कारी कहानी

पवित्र गुफा में बनने वाले शिवलिंग की कहानी की जो किसी चमत्कार से कम नहीं है| शिवलिंग का निर्माण गुफा की छत से पानी की बूंदों के टपकने से होता है। पानी के रुप में गिरने वाली बूंदे इतनी ठंडी होती है कि नीचे गिरते ही बर्फ का रूप ले लेती हैं| यह क्रम लगातार चलता रहता है और बर्फ का 12 से 18 फीट तक ऊंचा शिवलिंग बन जाता है। जिन स्थितियों में शिवलिंग का निर्माण होता है वह विज्ञान के तथ्यों से विपरीत है। विज्ञान के अनुसार,  बर्फ को जमने के लिए करीब शून्य डिग्री तापमान जरुरी है लेकिन अमरनाथ यात्रा के समय इस स्थान का तापमान शून्य से उपर होता है। ये किसी चमत्कार से कम नहीं है|

यहां की प्रमुख विशेषता पवित्र गुफा में बर्फ से प्राकृतिक शिवलिंग का निर्मित होना है। ऊपर से बर्फ के पानी की बूंदें जगह-जगह टपकती रहती हैं। प्राकृतिक हिम से निर्मित होने के कारण इसे हिमानी शिवलिंग भी कहते हैं। चन्द्रमा के घटने-बढ़ने के साथ-साथ इस बर्फ का आकार भी घटता-बढ़ता रहता है। पूर्णिमा को यह अपने पूरे आकार में आ जाता है और अमावस्या तक धीरे-धीरे छोटा होता जाता है।आश्चर्य की बात यही है कि यह शिवलिंग ठोस बर्फ का बना होता है, जबकि गुफा में आमतौर पर कच्ची बर्फ ही होती है जो हाथ में लेते ही भुरभुरा जाए।

क्या है कबूतर का जोड़ा रहस्य?

अमरनाथ गुफा से जुड़ी कथा के मुताबिक, एक बार माता पार्वती ने भगवान शिव से उनकी अमरता की वजह पूछी, इस पर भोलेनाथ ने उन्हें अमर कथा सुनने के लिए कहा।
पार्वती जी अमर कथा सुनने को तैयार हो गईं। इसके लिए वह एक ऐसी जगह तलाशने लगे, जहां कोई और ये अमर होने का रहस्य न सुन पाए। आखिरकार वह अमरनाथ गुफा पहुंचे।
अमरनाथ गुफा पहुंचने से पहले शिवजी ने नंदी को पहलगाम में, चंद्रमा को चंदनवाड़ी में, सर्प को शेषनाग झील के किनारे, गणेशजी को महागुण पर्वत पर छोड़ दिया।


इसके बाद शिवजी ने पार्वती को अमरता की कथा सुनाई, लेकिन कबूतर के एक जोड़े ने भी ये कथा सुन ली और अमर हो गया। आज भी कई श्रद्धालु कबूतर के जोड़े को अमरनाथ गुफा में देखने का दावा करते हैं। इतने ऊंचे और ठंड वाले इलाके में इन कबूतरों का जीवित रहना हैरान करता है।
अंत में, शिव और पार्वती अमरनाथ गुफा में बर्फ से बने लिंगम रूप में प्रकट हुए, जिनका आज भी प्राकृतिक रूप से निर्माण होता है और श्रद्धालु उसी के दर्शन के लिए जाते हैं।

About Post Author